मुलाकात से इंकार पर प्रेमी ने खाया जहर, हालत नाजुक

मुलाकात से इंकार पर प्रेमी ने खाया जहर, हालत नाजुक

गोपीकांदर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में शनिवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया, जहां प्रेमिका से मिलने में असफल रहने पर बिहार निवासी 25 वर्षीय संदीप कुमार पटेल ने जहर खा लिया। संदीप पश्चिमी चंपारण (बेतिया) का रहने वाला है और शुक्रवार की शाम अपनी प्रेमिका सलोनी मुर्मू से मिलने दुर्गापुर आया था। लेकिन सलोनी अपनी दीदी के घर होने के कारण उससे नहीं मिल पाई, जिसके बाद युवक ने भावावेश में आकर कीटनाशक सेवन कर लिया।

समय रहते मिली जानकारी, फिर भी स्थिति गंभीर

जहर खाने की सूचना ग्रामीणों ने प्रेमिका सलोनी को दी, जिसके बाद वह तुरंत लौटकर आई और संदीप को सीएचसी गोपीकांदर ले गई। चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुमित आनंद ने बताया कि युवक को शनिवार दोपहर 1 बजे गंभीर हालत में लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज हेतु फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमजेएमसीएच) दुमका रेफर कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई थी।

दो वर्षों से प्रेम संबंध, पुलिस जांच में जुटी

सलोनी मुर्मू ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले गुजरात में काम करने के दौरान संदीप से उसकी जान-पहचान हुई थी, जो आगे चलकर प्रेम संबंध में बदल गई। सलोनी पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे की मां है, लेकिन वर्तमान में पति से अलग रहती है। उधर, गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित भगत ने कहा कि मामले की आधिकारिक जानकारी उन्हें नहीं मिली है, हालांकि पुलिस अपने स्तर से घटना की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *