दोस्त की पत्नी की हत्या में सहयोग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दोस्त की पत्नी की हत्या में सहयोग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुमका। गोपीकांदर थाना क्षेत्र में दर्ज कांड संख्या 30/2025 में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने मामले के दूसरे आरोपी शिवशंकर महतो उर्फ बादल को महगामा से गिरफ्तार कर लिया है। शिवशंकर पर अपने दोस्त की पत्नी की हत्या के प्रयास में शामिल होने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, शिवशंकर महतो महगामा थाना क्षेत्र के सरैयाघाट गांव का रहने वाला है। इस मामले में मुख्य आरोपी तथा पीड़िता खुशबू कुमारी के पति बिरेन महतो को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत ने बताया कि दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

घटना कुछ माह पूर्व की है, जब खून से लथपथ खुशबू कुमारी अपनी जान बचाने के लिए गोड्डा के जंगलों से निकलकर गोपीकांदर थाना क्षेत्र के टेसाफूली गांव पहुंची थी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल में दिए गए बयान में खुशबू ने बताया था कि उसके पति बिरेन महतो ने साथी शिवशंकर की मदद से उस पर चाकू से हमला किया था। दोनों उसे खेत में फेंककर मृत समझकर फरार हो गए थे। इसी दौरान खुशबू मुश्किल हालात में कीचड़ और खून से सनी अवस्था में किसी तरह नजदीकी गांव पहुंची और अपनी जान बचाई।

पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *