
लखीकुण्डी वाटर पार्क के पास साइकिल को बचाने में हुई दुर्घटना
दुमका। दुमका शहर के न्यू बाबू पाड़ा के दुर्गा मंदिर के कालीपूजा समिति के सहायक पुजारी साधन दुबे की वाटर पार्क के समीप हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गयी है। उनके मौत की खबर सुनकर दुमका शहर के लोग मर्माहत हैं। यह सड़क दुर्घटना मंगलवार को ही हुई थी। उसके मौत के बाद परिजन शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलों झानों मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

दुर्गापुर ले जाने के दौरान रास्ते में हो गयी मौत
जानकारी के अनुसार साधन दुबे दुमका से अपने घर मुफस्सिल थाना अंतर्गत जामदली नवाडीह के लिए बाइक से जा रहे थे। लखीकुण्डी वाटर पार्क के समीप एक साइकिल वाले को बचाने के क्रम में उनकी बाइक दुर्घटना हो गई। इस दुर्घटना में साधन दुबे गंभीर रूप से घायल हो गये। आनन-फानन में उन्हें बगल में स्थित कौशल्या नर्सिंग होम में एडमिट किया गया। उनकी प्राथमिक चिकित्सा की गयी और लाईफ सपोर्ट सिस्टम भी दिया गया, बावजूद उनके स्थिति में सुधार होने के बजाय हालात बिगड़ने लगी। नर्सिंग होम के चिकित्सकों ने उन्हें बाहर ले आने की सलाह दी। उन्हें दुर्गापुर ले जाने के क्रम में नोनी हथवारी तक पहुंचने के दौरान ही उनकी मौत हो गयी।

पंडितई के अलावा वेंडर का काम भी करते थे
साधन दुबे अपने पीछे दो बेटा एक बेटी और धर्मपत्नी को छोड़ गये हैं। वह मुख्य रूप से पंडित का काम करते थे। इसके अलावा डीटीओ कार्यालय परिसर में वेंडर का दुकान भी चलाते थे।



