फंदे से लटका मिला शव, पिता के आरोप पर हत्या का मामला दर्ज

फंदे से लटका मिला शव, पिता के आरोप पर हत्या का मामला दर्ज

दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दलदली गांव में 26 वर्षीया नमिता हेम्ब्रम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जहां उसका शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार दिया है। मृतका के पिता बासु हेम्ब्रम, जो पश्चिम बंगाल के सैंथिया थाना क्षेत्र के निवासी हैं, ने शिकारीपाड़ा थाना में एफआईआर दर्ज कराते हुए दामाद सरदार मरांडी पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटी को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था।

शादी के बाद से हो रही थी प्रताड़ना

पिता के अनुसार तीन वर्ष पूर्व आदिवासी रीति-रिवाज से हुई शादी के बाद से ही नमिता को रुपए और सामान लाने के लिए दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। मृतका का डेढ़ साल का एक बच्चा भी है, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही।

मौत पर संदेह, गला घोंटने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के दिन दामाद ने पहले हत्या की और फिर साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। पिता के अनुसार शव के गले पर रस्सी का गहरा निशान था, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हुई।

पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तारमामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस संख्या 41/26 दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सरदार मरांडी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *