छठ महापर्व की तैयारियों में जुटीं पूजा समितियां, बड़ा बांध और खूंटा बांध में सजेंगे आकर्षक घाट

Share this news

13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय अनुष्ठान


दुमका। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर दुमका शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। महापर्व शुरू होने में अब महज 3 दिन शेष हैं। शहर के प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, सजावट, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। बड़ा बांध और खूंटा बांध तालाब में पूजा समितियां व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम कर रही हैं। इस वर्ष छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय-खाय से होगी। 14 नवंबर शनिवार को खरना, 15 नवंबर रविवार को पहला अर्घ्य और 16 नवंबर सोमवार को उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।


बड़ा बांध में मुख्य पंडाल का निर्माण शुरू
दुमका। बड़ा बांध छठ पूजा समिति के सचिव राम मंडल ने बताया कि भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए मुख्य पंडाल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले काली पूजा से ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाता था, लेकिन इससे जाम की समस्या होती थी। इसलिए इस बार कम समय में काम पूरा करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। समिति की ओर से निःशुल्क दूध, दातून, अगरबत्ती सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साफ-सफाई और आकर्षक सजावट भी समय पर पूरी कर ली जाएगी।


नगर परिषद के बकाये भुगतान को लेकर समिति ने जताई चिंता
दुमका। राम मंडल ने बताया कि वर्ष 2022, 2023 और 2024 का भुगतान नगर परिषद की ओर से अब तक लंबित है, जिससे समिति को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, उनके अनुसार इस बार पहले की तुलना में साफ-सफाई बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि काली पूजा के विसर्जन के बाद पूजा सामग्री घाट पर जमा होगी, जिसकी दोबारा सफाई जरूरी होगी। यदि नगर परिषद की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला तो समिति स्वयं सफाई की व्यवस्था करेगी। उन्होंने बताया कि रंग-रोगन, सफाई और बैरिकेडिंग के लिए टेंडर की प्रक्रिया होने की जानकारी मिली है।


खूंटा बांध में दिखेगी छठ की पारंपरिक झांकीदुमका।

खूंटा बांध छठ पूजा समिति के सदस्य अशोक राउत ने बताया कि घाट की सफाई और अन्य तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार समिति की ओर से विशेष झांकी प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें नई पीढ़ी को छठ की पारंपरिक विधियों से परिचित कराया जाएगा। इसमें गेहूं सुखाने, पीसने और कद्दू-भात जैसी परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा, रोशनी और पंडाल की बेहतर व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को आकर्षक और आनंदमय वातावरण मिल सके। घाट की सफाई का काम भी जारी है।


पार्किंग के लिए तीन से चार स्थानों पर होगी व्यवस्था

दुमका। अशोक राउत ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इंडोर स्टेडियम, एसडीओ आवास की बाउंड्री के पास और पीएचईडी की ओर पार्किंग की व्यवस्था करने की योजना है। नगर परिषद से बैरिकेडिंग और रंग-रोगन को लेकर बातचीत हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि छठ के अवसर पर अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई रखें तथा पूजा समितियों को सहयोग और दान देकर बेहतर व्यवस्था बनाने में भागीदारी निभाएं।


रसिकपुर बड़ा बांध तालाब में आकर्षक लाइटिंग और सजावट होगी खास आकर्षण
दुमका के रसिकपुर बड़ा बांध तालाब छठ घाट पर महापर्व की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। छठ पूजा समिति के सदस्य संजय मंडल ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक लाइटिंग, बेहतर पंडाल और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जा रही है। लाइटिंग की व्यवस्था पश्चिम बंगाल से कराई जा रही है, जो घाट का खास आकर्षण होगी। घाट की साफ-सफाई के लिए करीब 30 से 35 मजदूर लगाए गए हैं। तालाब के पानी के अंदर तक जमा कचरे को निकालने का काम जारी है। छठ व्रतियों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, श्रद्धालुओं के बीच दूध, माचिस, गोइठा और अन्य जरूरी सामग्री का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। आकर्षक पंडाल और प्रतिमाओं के माध्यम से घाट को विशेष रूप दिया जा रहा है। संजय मंडल के अनुसार, नगर परिषद की ओर से रंग-रोगन और सफाई में सहयोग मिल रहा है, जबकि समिति अपने स्तर पर मजदूर लगाकर घाट की सफाई और अन्य तैयारियां कर रही है। समिति का प्रयास है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक वातावरण मिले, ताकि सभी शांतिपूर्ण माहौल में छठ महापर्व मना सकें।


छठ महापर्व पर 8 पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान
दुमका। छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देश पर दुमका नगर परिषद क्षेत्र के साथ इससे सटे ग्रामीण इलाकों में भी विशेष साफ-सफाई कराई जा रही है। दुमका शहरी क्षेत्र से सटे पंचायतों में कचरे के उठाव एवं निस्तारण के साथ छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दुमका प्रखंड के 8 पंचायतों बंदरजोरी, कुरुवा, घाट रसिकपुर, सरुवा, पुराना दुमका, लखी कुंडी, कड़हरबील और दुधानी में मुखियाओं के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इन पंचायतों में 15वें वित्त आयोग की राशि से साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ पूजा-अर्चना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी और बेहतर कार्य करने वाले मुखियाओं को सम्मानित करने की बात कही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS