पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के समर्थन में उतरी कांग्रेस, सील आवास के बाहर टेंट में पहुंचे प्रदेश प्रभारी के. राजू

Share this news

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भी की मुलाकात, टेंट में नेताओं ने लिट्टी-चोखा खाकर जताई एकजुटता

रांची। पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के समर्थन में कांग्रेस पार्टी खुलकर सामने आ गई है। सील किए गए सरकारी आवास के बाहर लगाए गए टेंट में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश पहुंचे। दोनों नेताओं ने धरना स्थल पर अंबा प्रसाद से मुलाकात कर उनके प्रति पार्टी का समर्थन जताया। इस दौरान नेताओं ने सड़क पर बैठकर लिट्टी-चोखा भी खाया। टेंट में कांग्रेस के कई नेताओं का जमावड़ा लगा रहा और राजनीतिक चर्चा के साथ नाश्ते का दौर भी चला।

प्रदेश प्रभारी ने सरकार के समक्ष मामला उठाने की कही बात।

के. राजू ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ अंबा प्रसाद के साथ खड़ी है और इस मुद्दे को सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दीपावली के दिन किसी राष्ट्रीय पार्टी की विधायक के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि अन्य लोग और विपक्ष के नेता भी इसी तरह की गतिविधियां कर रहे हैं, तो केवल अंबा प्रसाद को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है। इस मामले से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा।

प्रदेश नेतृत्व के पहुंचने से मिला बल।

अंबा प्रसाद ने कहा कि प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के आने से उन्हें काफी बल मिला है। उन्होंने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से फोन पर लगातार बातचीत होती रही है और उनका समर्थन भी मिलता रहा है। अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया और पक्षपात करते हुए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करेगी।

7 नवंबर को प्रशासन ने आवास खाली कराकर किया था सील।

जिला प्रशासन ने 7 नवंबर 2026 को दीपावली की पूर्व संध्या पर रांची के धुर्वा स्थित एचईसी परिसर में सरकारी आवास संख्या एफ-44 को खाली कराकर सील कर दिया था। जानकारी के अनुसार, भवन निर्माण विभाग ने इस आवास को एक आईपीएस अधिकारी को आवंटित कर दिया है। प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में अंबा प्रसाद आवास के बाहर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गई थीं।

टेंट में ही मनाई छोटी दीपावली और लक्ष्मी पूजा।

आवास सील किए जाने के बाद अंबा प्रसाद ने अपने परिवार और समर्थकों के साथ टेंट में ही छोटी दीपावली और लक्ष्मी पूजन किया था। अब प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के धरना स्थल पर पहुंचने को कांग्रेस की एकजुटता के संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने अंबा प्रसाद के साथ खड़े रहने और मामले को सरकार के समक्ष उठाने का भरोसा दिया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS