दुमका में भाईयों के दीघार्यु के लिए बहनों ने मूसल से कूटा यम और यमी का द्वार, फिर भाई को दी गालियां, जानें क्यों

Share this news

भैया दूज और गोधन पर्व पर बहनों ने रखा व्रत, भाइयों की लंबी उम्र की मांगी दुआ

दुमका से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मना पर्व, कहीं यम-यमी की पूजा तो कहीं भाई के माथे पर लगाया चंदन का टीका

दुमका। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व भैया दूज और गोधन बुधवार को पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गोधन पर्व पर उपराजधानी दुमका में बहनों ने भाइयों की रक्षा और दीर्घायु की कामना करते हुए व्रत रखा। महिलाओं और युवतियों ने घर के आंगन या छत पर गोबर से पूजा स्थल तैयार कर यम, उनकी बहन यमी, सांप-बिच्छू आदि की आकृतियां बनाईं। पूजा के दौरान फूल, फल, मिठाई और रूई की माला सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की गई तथा भाई दूज की कथा सुनी गई। परंपरा के अनुसार बहनों ने मूसल से सुपारी तोड़ते हुए गोधन के पारंपरिक गीत गाए, भाइयों को प्रतीकात्मक रूप से गालियां दीं और बाद में रेंगनी के कांटे जीभ में चुभाकर पश्चाताप की रस्म निभाई। पूजा के बाद भाइयों को बजरा और मिठाई खिलाई गई। बहनों ने उनके लिए दालपुरी और खीर भी बनाई।

‘भायेर कोपाले दिलाम फोटा’ के साथ मनाया भाई फोटा।

पारसिमला, बागनल, गवालसिमला, नेडूवापहाड़ी, मसानजोड़, रानीबहाल और मूड़जोड़ा फतेहपुर गांवों में भाई फोटा यानी भैया दूज का पर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने ‘भायेर कोपाले दिलाम फोटा, जोमेर दुवारे पोड़लो कांटा, यमुना देन जोम के फोटा, आमी दिय आमार भाई के फोटा’ के पवित्र उच्चारण के साथ भाइयों के ललाट पर चंदन का टीका लगाया और उनकी दीर्घायु की कामना की। पूजा में धान, दूर्वा, धूप-दीप और शंख ध्वनि के साथ पारंपरिक रस्में निभाई गईं। इसके बाद बहनों ने भाइयों को स्वादिष्ट व्यंजन परोसे, जबकि भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट किए। दोपहर में मछली-भात सहित विभिन्न व्यंजनों के साथ पर्व की खुशियां साझा की गईं। पारसिमला के मिठाई दुकानदार धनंजय दे की दुकान पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही।

बारा पलासी गांव में भी दिखा भाई-बहन का स्नेह।

जामा निज संवाददाता के अनुसार प्रखंड के बारा पलासी गांव में भाई दूज का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी और मिठाई खिलाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि तथा खुशहाल जीवन की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी बहनों के प्रति स्नेह व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा और भाई-बहन के प्रेम तथा पारिवारिक रिश्तों की मिठास देखने को मिली।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS