ईसीएल में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप, धनबाद के निरसा का रहनेवाला है आशु कुमार जायसवाल।
दुमका के जामा थाना क्षेत्र के लकड़ापहाड़ी से ईसीएल में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के आरोपी आशु कुमार जायसवाल को पांच साल बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया।
दुमका। जामा थाना क्षेत्र के लकड़ापहाड़ी स्थित अपने मामा के घर में रह रहे पांच साल से फरार धोखाधड़ी के आरोपी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र के पाकतोड़िया गांव निवासी आशु कुमार जायसवाल, पिता स्व. ईश्वर चंद्र भगत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जामा थाना कांड संख्या 133/21, दिनांक 26 दिसंबर 2021 को धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। उस पर ईसीएल में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।

संताल परगना के कई छात्रों से ठगी का आरोप।
इस मामले में जामताड़ा सहित संताल परगना क्षेत्र के कई छात्रों के साथ धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत सामने आई थी। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420, 467, 468 एवं 34 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी जामा थाना क्षेत्र के लकड़ापहाड़ी स्थित अपने मामा के घर में रह रहा है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई।
सूचना का सत्यापन करने के बाद जामा थाना पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिवत न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेशी के लिए भेज दिया गया है।



