दुमका के रामगढ़ में खड़े ट्रक में बाइक की टक्कर से युवक की मौके पर मौत
दुमका-भागलपुर मार्ग पर तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। रामगढ़ के डायमंड होटल के पास खड़े ट्रक से बाइक टकराने पर हादसा हुआ।
दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर बुधवार को रामगढ़ थाना क्षेत्र के डायमंड होटल अमरपुर के समीप खड़े ट्रक से बाइक टकराने के कारण 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बोड़िया गांव निवासी सिकंदर कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सिकंदर बाइक से गुजर रहे थे, तभी सड़क किनारे खड़े ट्रक में उनकी बाइक पीछे से जोरदार टकरा गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, डायमंड होटल के समीप प्रतिदिन दर्जनों ट्रक मुख्य सड़क पर खड़े किए जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
नींद की झपकी आने से डिवाइडर पर चढ़ा हाइवा।
दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर नोनीहाट स्थित रानी सोनावती प्लस टू उच्च विद्यालय के सामने मंगलवार देर रात गिट्टी लदा हाइवा (जेएच04वी 9233) अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। बताया जाता है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना में हाइवा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई दुर्गा चरण महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीखे मोड़ पर रेलिंग से टकराई बाइक, युवक गंभीर।
मसलिया थाना क्षेत्र के दुमका-नाला मुख्य मार्ग पर रांगा गांव के समीप बुधवार दोपहर करीब 2 बजे तीखे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। हादसे में जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र अंतर्गत खेरबोना गांव निवासी मुन्ना टुडू गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि वह अपने दोस्तों से मिलने रांगा गांव आए थे और दोपहर में घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक पर से उनका नियंत्रण छूट गया। टक्कर के बाद बाइक झाड़ियों को रौंदते हुए घटनास्थल से करीब 25 मीटर दूर जाकर गिरी। युवक के सिर में गंभीर चोट आई।
स्थानीय लोगों ने घायल को पहुंचाया अस्पताल।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को ऑटो से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग के इस तीखे मोड़ पर वाहन चालकों से सावधानी बरतने और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की।