छठ की खुशियां मातम में बदलीं, घर लौट रहे इकलौते बेटे की दुमका के कोरडाहा में हुए सड़क हादसे में गई जान

Share this news

मुंबई से छठ मनाने दुमका के सरैयाहाट स्थित घर आ रहा था 16 वर्षीय पिंटू कुमार

दुमका के सरैयाहाट में एनएच-133 पर कोरडाहा के समीप दो बाइकों की टक्कर में मुंबई से छठ मनाने घर लौट रहे 16 वर्षीय पिंटू कुमार की मौत।

छठ मनाने घर लौट रहे किशोर की दर्दनाक मौत।

मां की आंखों में बेटे के घर लौटने की खुशी थी। इंतजार था कि बेटा आएगा तो साथ बैठकर छठ पर्व मनाएंगे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। नेशनल हाईवे-133 पर सरैयाहाट थाना क्षेत्र के कोरडाहा गांव के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में 16 वर्षीय पिंटू कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक बिहार के जयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिराडीह गांव का रहने वाला था। वह मुंबई की एक कंपनी में काम करता था और छठ महापर्व पर परिवार के साथ पर्व मनाने घर लौट रहा था।

जसीडीह स्टेशन से बस से पहुंचा था कोरडाहा।

जानकारी के अनुसार, पिंटू जसीडीह स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद बस से कोरडाहा पहुंचा था। वहां उसका मित्र महेंद्र राय बाइक लेकर उसे लेने पहुंचा था। दोनों दोस्त बाइक से घर जाने के लिए निकले ही थे कि रास्ते में विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिंटू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार पोस्टोवारी निवासी अनिकेत यादव, थाना मोहनपुर, घायल हो गया। सूचना मिलते ही सरैयाहाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। दुर्घटना में शामिल दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।

पिंटू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां ने बिलखते हुए बताया कि पिंटू उनका इकलौता बेटा था और छठ पर्व मनाने के लिए घर लौट रहा था। मां को क्या पता था कि जिस बेटे के आने का वह बेसब्री से इंतजार कर रही हैं, उससे अब कभी मुलाकात नहीं होगी। जिस आंगन में बेटे के स्वागत की तैयारियां होनी थीं, वहां अब उसकी अर्थी उठेगी। छठ महापर्व से पहले हुए इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं और घर में त्योहार की जगह मातम पसरा दिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS