कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो और जेजे एक्ट में प्राथमिकी

Share this news

पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का झांसा देकर रांची लाई गई थी किशोरी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

राजधानी रांची में सिमडेगा की 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के साथ कथित यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। किशोरी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर रांची के विधानसभा थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में दो महिलाओं एमा बाड़ा और जोसिमा खाखा की भूमिका भी जांच के दायरे में है। किशोरी ने आरोप लगाया है कि दोनों महिलाएं उसे पढ़ाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ ले गई थीं।

विधायक आवास में घरेलू काम कराने और प्रताड़ित करने का आरोप।
पीड़िता के अनुसार, मई 2026 में पहले उसे सिमडेगा स्थित विधायक आवास ले जाया गया और बाद में रांची लाया गया। वहां पढ़ाई कराने के बजाय उससे घरेलू काम कराया जाने लगा। किशोरी का आरोप है कि काम में देरी होने या ठीक से काम नहीं करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और गाली-गलौज की जाती थी। उसे पर्याप्त भोजन भी नहीं दिया जाता था। विरोध करने या घर लौटने की बात कहने पर कथित तौर पर डराया-धमकाया जाता था। किशोरी ने यह भी आरोप लगाया है कि रांची स्थित आवास पर आने वाले कुछ अन्य लोग भी उसके साथ अशोभनीय व्यवहार करते थे।

5 अगस्त को दुष्कर्म करने का लगाया आरोप।
पीड़िता ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि 5 अगस्त 2026 को रांची स्थित विधायक आवास संख्या-12 में दोपहर के समय विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ जबरदस्ती की। किशोरी के अनुसार, वह पानी लेकर ऊपर गई थी। इसी दौरान विधायक ने उसे जूता खोलने को कहा और फिर उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर उसका मुंह बंद कर दिया गया और मारपीट की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद किसी को बताने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी गई।

गांव लौटने के बाद सामने आई गर्भावस्था की बात।
किशोरी के मुताबिक, घटना के बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर सिमडेगा स्थित अपने गांव लौट गई। सितंबर में वह अपने मुंहबोले दीदी-जीजा के पास रहने लगी। बाद में मासिक धर्म नहीं होने पर उसे गर्भवती होने का पता चला। उसने बताया कि 22 अक्टूबर को अधिक रक्तस्राव होने पर डॉक्टर को इसकी जानकारी दी। डॉक्टर ने कथित तौर पर बताया कि गर्भ ठहरने के बाद गर्भपात हो गया है। पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी कहा है कि उसके पिता नहीं हैं और मां बचपन में ही उसे छोड़ चुकी हैं। उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।

पॉक्सो और जेजे एक्ट के तहत प्राथमिकी, मेडिकल जांच और बयान की प्रक्रिया।
हटिया के डीएसपी नीरज ने बताया कि किशोरी को स्कूल में पढ़ाई और नामांकन कराने का भरोसा देकर रांची लाया गया था। इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म की घटना होने का आरोप लगाया गया है। विधानसभा थाना में पॉक्सो और जेजे एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से अनुसंधान कर रही है और पीड़िता की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

दो महिलाओं की भूमिका की भी जांच, राजनीतिक हलचल।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद दो महिलाओं की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उन्हीं महिलाओं ने पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का भरोसा देकर उसे विधायक आवास तक पहुंचाया था। उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ता भी रांची में पुलिस थाने पहुंचे, जहां कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। आरोपों की सत्यता का निर्धारण अनुसंधान और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS