रिश्तों का कत्ल! मां से खाने को लेकर हुआ विवाद, पिता ने कुदाल के बेंट से पीटकर बेटे को मार डाला

Share this news

सरैयाहाट के सिलठा गांव में घरेलू झगड़े ने लिया खूनी रूप, हत्या के आरोप में पिता, मां और भाई गिरफ्तार;

दुमका के सरैयाहाट के सिलठा गांव में खाने को लेकर हुए विवाद में 29 वर्षीय महेश मांझी की हत्या कर दी गई। हत्या के आरोप में पुलिस ने मां, पिता और भाई को गिरफ्तार किया। वारदात में इस्तेमाल कुदाल, डंडा और खून लगा पत्थर बरामद किया गया।

कुदाल, डंडा और खून लगा पत्थर बरामद

खाने की थाली से शुरू हुआ विवाद। दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड के सिलठा गांव में गुरुवार की सुबह एक घरेलू विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि रिश्तों की मर्यादा ही तार-तार हो गई। घर में खाना बन रहा था, तभी 29 वर्षीय महेश मांझी ने अपनी मां से खाना मांगा। महेश पिकअप वैन का चालक था और शराब पीने की आदत को लेकर अक्सर घर में विवाद होता रहता था। गुरुवार को भी खाना पूरी तरह तैयार नहीं हुआ था, लेकिन मां ने गुस्से में उसे थाली में चावल परोस दिया। थाली में दाल और सब्जी नहीं देखकर महेश भड़क गया और उसने खाना फेंक दिया। इसके बाद मां-बेटे के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

पिता का गुस्सा बना जानलेवा।

बताया जाता है कि इसी दौरान खेत से लौटे पिता गोवर्धन मांझी घर में हो रहे विवाद को देखकर आगबबूला हो गए। आरोप है कि उन्होंने गुस्से में कुदाल उठा ली और उसके बेंट से महेश के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। इसके बाद महेश पर डंडे और पत्थर से भी हमला किया गया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिस घर में कुछ देर पहले खाने को लेकर बहस हो रही थी, वहां देखते ही देखते मातम और सन्नाटा पसर गया।

वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश

घटना के बाद परिजन कथित तौर पर वारदात से जुड़े साक्ष्य मिटाने की कोशिश में जुटे थे। इसी बीच एक ग्रामीण ने हंसडीहा पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही परिवार के कई सदस्य मौके से फरार हो गए। मृतक की मां फूलो देवी घटनास्थल पर मौजूद थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पूछताछ शुरू की। घटना की खबर फैलते ही सिलठा गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीण स्तब्ध रह गए।

पूछताछ में माता-पिता ने बताई घटना

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान गोवर्धन मांझी और फूलो देवी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की तथा वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी दी। मां ने बताया कि महेश अक्सर उससे झगड़ा करता था। गुरुवार को भी जब दोनों के बीच विवाद हो रहा था, तभी उसके पति वहां पहुंचे और पिता-पुत्र के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान पिता ने कुदाल के बेंट से महेश के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक के भाई कार्तिक मांझी को भी गिरफ्तार कर लिया।

तीन लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी।

घटना को लेकर हंसडीहा थाना के चौकीदार मनीष मुर्मू के लिखित आवेदन पर मृतक के पिता गोवर्धन मांझी, मां फूलो देवी और भाई कार्तिक मांझी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। हंसडीहा थाना कांड संख्या 124/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 एवं 3(5) में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से खून से लथपथ कुदाल, डंडा, खून लगा पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। बरामद सामान को साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य।

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी सबूत और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। महज खाने की थाली में दाल और सब्जी नहीं होने से शुरू हुआ विवाद आखिरकार एक युवक की जान ले बैठा। जिस मां के हाथों से महेश ने खाना मांगा था, उसी घर में उसकी जिंदगी का अंत हो गया। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS
दुमका में तेज रफ्तार टेम्पो पलटा, चालक और 3 वर्षीय मासूम की मौत दुमका के गोपीकांदर में नवेली कंपनी में कार्यरत स्थानीय मजदूर की मौत, मुआवजा देने से कंपनी का इनकार दुमका में अजब चोरी, ‘चाची कुर्सी ले जाएं’ कहकर 20 कुर्सियां ले उड़े युवक दुमका के सरैयाहाट के सिलठा गांव में खाने को लेकर हुए विवाद में 29 वर्षीय महेश मांझी की हत्या कर दी गई। हत्या के आरोप में पुलिस ने मां, पिता और भाई को गिरफ्तार किया। डॉ. मनीष देर रात घर लौटे, बोले- “घर पर हूं और सुरक्षित हूं।” सोशल मीडिया पर निजता के दुरुपयोग को लेकर उठाए सवाल दुमका के नोनीहाट में पालकी पर सजाकर लाई गई किताब, नीलोत्पल मृणाल के उपन्यास ‘दुल्हिन सावधान’ का अनोखे अंदाज में विमोचन हुआ।