थाना प्रभारी ने दिखाई तत्परता, घायलों को अस्पताल पहुंचाया; इलाज के दौरान बच्चे ने तोड़ा दम
दुमका के तालझारी थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव के पास तेज रफ्तार टेम्पो पलटने से चालक अजित कुमार और 3 वर्षीय अंशु कुमार की मौत हो गई। हादसे में 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
भीषण सड़क हादसे में दो की मौत।
दुमका जिले के तेतरिया गांव के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित टेम्पो पलटने से चालक समेत 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में टेम्पो चालक अजित कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन में सवार 3 वर्षीय अंशु कुमार ने फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बिहार के रहने वाले थे मृतक।
मृतक टेम्पो चालक की पहचान बिहार के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के विनोबानगर गंगापुर निवासी छोटेलाल पासवान के पुत्र अजित कुमार के रूप में हुई है। वहीं, मृत 3 वर्षीय अंशु कुमार बिहार के खगड़िया जिले के यदुवंश नगर निवासी रंजीत कुमार का पुत्र था। जानकारी के अनुसार, सोनी देवी अपने बेटे अंशु के साथ किराये के टेम्पो से घर से निकली थीं। इसी दौरान तेतरिया गांव के पास तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेम्पो बीच सड़क पर पलट गया।

थाना प्रभारी ने दिखाई तत्परता।
घटना की सूचना मिलते ही तालझारी थाना प्रभारी संगम पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि घटनास्थल सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में पड़ता है, लेकिन थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल सोनी देवी और अंशु कुमार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जरमुंडी भिजवाया। वहां चिकित्सक डॉ. दिनबंधु रक्षित ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम।
दुमका अस्पताल में इलाज के दौरान 3 वर्षीय अंशु कुमार की मौत हो गई। हादसे में घायल सोनी देवी और एक अन्य व्यक्ति का भी इलाज चल रहा है। दुर्घटना में चालक की मौके पर मौत और मासूम की इलाज के दौरान मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।

टेम्पो जब्त, प्राथमिकी दर्ज।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेम्पो संख्या बीआर10पीसी5939 को जब्त कर थाना ले आई है। मृतक चालक के भाई डिंपल कुमार ने तालझारी थाना में लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



