महिला नेत्री रुको देवी ने किया निलोत्पल मृणाल के उपन्यास का विमोचन, कवि कुमार विश्वास समेत कई चर्चित हस्तियां वीडियो कॉल से जुड़ीं रही
दुमका के नोनीहाट में नीलोत्पल मृणाल के उपन्यास ‘दुल्हिन सावधान’ का अनोखे अंदाज में विमोचन हुआ। पुस्तक पालकी में सजाकर लाई गई और महिला नेत्री रुको देवी ने विमोचन किया। कुमार विश्वास समेत कई हस्तियां वीडियो कॉल से जुड़ीं।
दुमका। साहित्यिक आयोजनों की परंपरा से हटकर नोनीहाट में सोमवार को युवा साहित्यकार एवं चर्चित उपन्यासकार नीलोत्पल मृणाल के पांचवें उपन्यास ‘दुल्हिन सावधान’ का अनोखे अंदाज में विमोचन किया गया। नोनीहाट बस स्टैंड चौक स्थित सड़क पर आयोजित समारोह में पुस्तक को आकर्षक पालकी में सजाकर लेखक स्वयं अपने आवास से लेकर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय महिला नेत्री रुको देवी के हाथों उपन्यास का विधिवत विमोचन कराया गया। गांव की महिला के हाथों पुस्तक का विमोचन कराकर लेखक ने साहित्य को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संदेश दिया। इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लेखक के साथ उपन्यास की भूमिका में लिखी पंक्तियों का सामूहिक पाठ किया। इसके बाद लेखक और बच्चों ने झारखंडी लोकगीत ‘भुवर भुवर बाल रे होरिलवा’ गाकर माहौल को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। विमोचन के उपलक्ष्य में भंडारे का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि प्रसिद्ध कवि एवं लेखक कुमार विश्वास, आईएएस करण सत्यार्थी, पंचायत वेब सीरीज के कलाकार प्रहलाद चाचा और अशोक पाठक, चाईबासा के डीसी मनीष रंजन तथा वरिष्ठ आईपीएस अमित कुमार समेत कई गणमान्य लोग वीडियो कॉल के माध्यम से जुड़े। सभी ने उपन्यास की सराहना करते हुए नीलोत्पल मृणाल को शुभकामनाएं दीं।
बुद्धिजीवी की पारंपरिक छवि तोड़ने की कोशिश
नीलोत्पल मृणाल ने कहा कि आमतौर पर बुद्धिजीवी की छवि एक गंभीर और आम लोगों से दूरी बनाकर रखने वाले व्यक्ति के रूप में बन गई है, जो गांव के लोगों को कमतर समझता है और उनसे बातचीत के दौरान अपनी विद्वता का प्रदर्शन करता है। वह इस छवि को तोड़ना चाहते थे। उनका मानना है कि यदि किसी व्यक्ति में रचनात्मकता और कलात्मकता है, तो उसे समाज के उन लोगों तक पहुंचाना चाहिए, जो इससे अभी परिचित नहीं हैं। उपन्यास के पात्र उनके गांव के हैं, लेकिन उन्हीं पात्रों की कहानी की किताब दिल्ली और मुंबई में विमोचित हो तथा गांव के लोग उससे अनजान रहें, यह उन्हें उचित नहीं लगा। इसी सोच के साथ उन्होंने बिना किसी तामझाम के खुले में पुस्तक विमोचन किया, ताकि स्थानीय युवाओं में साहित्य के प्रति जागरूकता आए। उन्होंने कहा कि युवा केवल उन्हें ही नहीं, बल्कि प्रेमचंद, फणीश्वरनाथ रेणु, काशीनाथ सिंह, रामधारी सिंह दिनकर और सूर्यकांत त्रिपाठी निराला जैसे साहित्यकारों को भी पढ़ें और हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा को जानें।
युवा ही साहित्य और सामाजिक बदलाव की ताकत
नीलोत्पल मृणाल ने कहा कि अक्सर यह धारणा बनाई जाती है कि हिंदी पढ़ने वाले युवा नहीं हैं और किताबों का दौर खत्म हो गया है, जबकि यहां जुटी युवाओं की भीड़ इस सोच को गलत साबित करती है। यह आयोजन किताबों का उत्सव है और उनके जैसे लेखकों को पहचान तथा पाठक युवाओं ने ही दिए हैं। उनके अनुसार, आज का युवा किताबों, समाज, संस्कृति और राजनीति के प्रति गंभीर रूप से सजग है। यही युवा सामाजिक आंदोलनों में भी अपनी भूमिका निभा रहा है और देश के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को हल्के में नहीं लेना चाहिए। लाखों की संख्या में बिकने वाली किताबें भी युवाओं तक पहुंच रही हैं। उन्हें विश्वास है कि सामाजिक परिवर्तन की प्रक्रिया में युवा निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में दुमका के उपविकास आयुक्त (डीडीसी) अनिकेत सचान, जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी और पूर्व कृषि मंत्री बादल, प्रशिक्षु आइएएस अवनीश सिंह, भाजपा नेता रविकांत मिश्र और अभय सिंह ने नीलोत्पल मृणाल की इस पहल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि साहित्य को सभागारों तक सीमित रखने के बजाय आम लोगों के बीच पहुंचाना सराहनीय प्रयास है। इससे नई पीढ़ी में पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ेगी और पढ़ने-लिखने की संस्कृति मजबूत होगी।
पंकज त्रिपाठी कर चुके हैं कवर लॉन्च
उल्लेखनीय है कि उपन्यास ‘दुल्हिन सावधान’ के कवर का लॉन्च सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी के हाथों पटना में किया जा चुका है। नोनीहाट की सड़क पर पालकी में पुस्तक लाकर एक सामान्य महिला के हाथों विमोचन कराने की पहल ने इस आयोजन को खास बना दिया। साहित्य, शिक्षा और लोकसंस्कृति के संगम के रूप में यह आयोजन लंबे समय तक याद किया जाएगा।
‘डार्क हॉर्स’ से मिली पहचान
दुमका की धरती से जुड़े नीलोत्पल मृणाल हिंदी के चर्चित युवा लेखकों में अपनी अलग पहचान रखते हैं। ‘डार्क हॉर्स’ और ‘औघड़’ जैसे चर्चित उपन्यासों के माध्यम से उन्होंने व्यापक पाठक वर्ग के बीच अपनी जगह बनाई है। ‘दुल्हिन सावधान!’ उनके साहित्यिक सफर की पांचवीं कृति है। नोनीहाट की सड़क पर इस उपन्यास का विमोचन अपने आप में खास रहा। जिस सड़क से रोज सैकड़ों लोग अपनी मंजिल की ओर बढ़ते हैं, उसी सड़क पर मंगलवार को किताबों और विचारों ने लोगों को कुछ पल ठहरकर साहित्य से जुड़ने का अवसर दिया। यह आयोजन इस संदेश के साथ यादगार बन गया कि साहित्य को जीवंत बनाए रखने के लिए उसे जिंदगी और आम लोगों के बीच ले जाना जरूरी है।
किताब के विमोचन के साथ दुल्हिन का भंडारा भी
इस साहित्यिक उत्सव का एक अनूठा आकर्षण ‘दुल्हिन का भंडारा’ भी रहा। उपन्यास के लोकार्पण के बाद आयोजित भंडारे में लोगों ने भागीदारी की। किताब, विचार और सामूहिक भोज के इस संगम ने कार्यक्रम को महज साहित्यिक समारोह तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि इसे सामाजिक सहभागिता के उत्सव में बदल दिया। आयोजन के निवेदक स्पीड क्लब, नोनीहाट के सदस्य थे।