टेंट हाउस का कर्मचारी समझकर महिला ने दी अनुमति, दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से दो खेप में कुर्सियां लेकर हुए फरार
दुमका के शिवपहाड़ी रोड में दो युवक टेंट हाउस का कर्मचारी बताकर दिनदहाड़े महिला के घर से 20 प्लास्टिक कुर्सियां लेकर फरार हो गए। महिला ने उन्हें कर्मचारी समझकर कुर्सियां ले जाने की अनुमति दे दी।
दुमका के शिवपहाड़ी रोड में दिनदहाड़े चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां दो अज्ञात युवक टेंट हाउस का आदमी बताकर एक महिला के घर से 20 प्लास्टिक कुर्सियां लेकर फरार हो गए। महिला निशा झा के अनुसार, 16 नवम्बर को दिन के करीब 11:40 बजे दो युवक मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे और पूछा, “चाची, कुर्सी ले जाएं?” महिला ने उन्हें टेंट हाउस का कर्मचारी समझकर कुर्सियां ले जाने की अनुमति दे दी। इसके बाद दोनों युवक 10-10 कुर्सियों की दो खेप में मोटरसाइकिल से लेकर चले गए।
टेंट हाउस के फोन से खुला मामला।
कुछ देर बाद एमएस टेंट हाउस की ओर से महिला को फोन आया कि कुर्सियां भेज दीजिए, आदमी लेने आ रहे हैं। इस पर महिला ने बताया कि दो युवक पहले ही 20 कुर्सियां ले जा चुके हैं। टेंट हाउस संचालक ने स्पष्ट किया कि उसने किसी को कुर्सियां लेने नहीं भेजा था। इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से युवकों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
नगर थाना में दिया आवेदन।
काफी खोजबीन के बाद महिला ने 18 नवम्बर को नगर थाना पहुंचकर अज्ञात युवकों के खिलाफ आवेदन दिया और पुलिस से कार्रवाई करते हुए उनकी पहचान कर कुर्सियां बरामद कराने की मांग की। दिनदहाड़े घर पहुंचकर सामान्य बातचीत के बहाने दो खेप में 20 कुर्सियां ले जाने की इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा है।