शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लॉक क्षेत्र में डीप बोरिंग को लेकर ग्राम सभा के दौरान हुई झड़प
शिकारीपाड़ा कोल ब्लॉक हिंसक झड़प में ग्रामीणों और पुलिस के बीच खूनी संघर्ष हुआ। पत्थर और डंडों से हमले में महिला पुलिसकर्मी समेत करीब 12 जवान घायल हुए, जबकि कई की हालत गंभीर है। डीप बोरिंग के लिए बुलाई गई ग्रामसभा के दौरान विवाद भड़का।
पत्थर और डंडों से पुलिसकर्मियों पर हमला, महिला जवान भी घायल
दो पुलिसकर्मियों के सिर में गंभीर चोट, एक जवान का पैर टूटा
डीप बोरिंग के लिए 22 नवंबर को बुलाई गई थी ग्रामसभा
एचपीसीएल को आवंटित कोल ब्लॉक में सर्वे का ग्रामीण कर रहे थे विरोध
अस्पताल पहुंचे डीडीसी, घायलों के बेहतर इलाज का निर्देश
दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर इलाके में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे के दौरान देर रात ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। बताया जाता है कि कोल ब्लॉक का सर्वे करने पहुंची कंपनी के अधिकारियों का ग्रामीणों ने विरोध किया और उन्हें बंधक बनाए जाने की स्थिति को लेकर विवाद शुरू हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
पत्थर और डंडों से पुलिसकर्मियों पर हमला बताया जा रहा है कि कोल ब्लॉक का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में करीब 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को पहले शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद नौ पुलिस जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
दो जवानों की हालत गंभीर, एक का पैर टूटा घायलों में दो पुलिसकर्मियों के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि एक जवान का पैर टूटने की सूचना है। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। घायलों की सूची में फूल कुमार यादव (34), आनंद मुर्मू (24), एएसआई सोमाय किस्कू, चार्लेस मुर्मू (37), सनोज मरांडी (22), सुजीत सोरेन (23), अनिल दास (55), शिवजी यादव (43), श्याम सुंदर साह (50), अल्बर्ट एक्का (40), दीप नारायण मंडल (38) और सुनील हांसदा (41) शामिल हैं।
सात पुलिसकर्मियों को किया गया रेफर प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायलों में फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्लेस मुर्मू, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह और सुनील हांसदा को बेहतर इलाज के लिए शिकारीपाडा से दुमका सदर अस्पताल रेफर किया गया है। अस्पताल में घायलों के उपचार और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान और सिविल सर्जन भी अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हाल जाना।
प्रशासन ने बेहतर इलाज का दिया निर्देश डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान ने अस्पताल प्रबंधन को सभी घायल पुलिसकर्मियों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। वहीं, कोल ब्लॉक सर्वे के विरोध और पुलिस के साथ हुई झड़प के बाद क्षेत्र में स्थिति को लेकर प्रशासन सतर्क है। घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
कोल ब्लॉक क्षेत्र में डीप बोरिंग के लिए बुलाई गई थी ग्रामसभा, दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में कोल ब्लॉक सर्वे के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प के पीछे ग्रामसभा की बैठक भी महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सामने आई है। अंचल राजस्व न्यायालय, शिकारीपाड़ा की ओर से 13 नवंबर 2026 को जारी नोटिस के अनुसार, एचपीसीएल को आवंटित कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लॉक क्षेत्र में अन्वेषण कार्यक्रम के तहत डीप बोरिंग कराई जानी थी। इस कार्य के सफल संचालन के लिए संबंधित मौजा के 16 आना रैयतों की उपस्थिति में ग्रामसभा आयोजित करने का निर्देश दिया गया था। नोटिस में ग्राम प्रधान और ग्रामसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए 22 नवंबर 2026 को दोपहर 12.30 बजे ग्रामसभा की तिथि निर्धारित की गई थी। इसके लिए संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक और अंचल निरीक्षक को ग्राम प्रधान के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामसभा सुनिश्चित कराने तथा ग्राम प्रधान को अपने स्तर से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया था। ग्रामसभा की कार्यवाही का विवरण और मतव्य सहित प्रति अंचल कार्यालय में उपलब्ध कराने को भी कहा गया था।
कोल ब्लॉक क्षेत्र में स्थिति तनाव में ग्राम सभा से डीप बोरिंग का प्रस्ताव पारित करवाने के लिए इसी कोल ब्लॉक क्षेत्र में रविवार शाम कंपनी के अधिकारियों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई और देर रात ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर पत्थर और डंडों से हमला किए जाने में एक दर्जन से अधिक जवान घायल हो गए। घायलों को पहले शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद कोल ब्लॉक क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
पुलिसकर्मियों के सिर-पैर में चोट और फ्रैक्चर ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प में घायल पुलिसकर्मियों के सिर, हाथ और पैर में चोट लगने के साथ फ्रैक्चर तथा शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोट आयी है। एसआई अनिल हांसदा के सिर और दाहिने हाथ की अंगुलियों में चोट आई है। शिवनी यादव के पैर में फ्रैक्चर और सिर में चोट दर्ज है। विनोद दास के कान, सिर और दोनों हाथों में चोट के साथ शरीर में अंदरूनी चोट का उल्लेख है। फूल कुमार यादव के सिर में चोट और शरीर में अंदरूनी चोट दर्ज की गई है। पूनम देवी के दाहिने पैर में चोट के अलावा सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोट बताई गई है। आनंद मुर्मू के सिर और कान में चोट तथा चेहरे पर सूजन का उल्लेख है। चार्ल्स मुर्मू और मुन्ना कुमार के सिर में चोट दर्ज है। वहीं, अमरनाथ के पैर में चोट सहित अन्य जख्मों का विवरण दिया गया है।