वीडियो बनाने वाला मोबाइल जब्त; 6 गिरफ्तार, सातवां आरोपी फरार
दुमका के जरमुंडी में धान काटकर घर लौट रही 20 वर्षीय युवती को 7 युवकों ने घेरकर मारपीट की और जबरन निर्वस्त्र कर वीडियो-तस्वीरें बनाईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जरमुंडी युवती उत्पीड़न मामला: झाड़ियों के पास घेरकर युवती से मारपीट
जबरन निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो और खींचीं तस्वीरें
शिकायत मिलते ही पुलिस ने गठित की छापेमारी टीम
मुख्य आरोपियों की निशानदेही पर 4 अन्य गिरफ्तार
मोबाइल फोन जब्त, सभी 6 आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए
धान काटकर घर लौट रही युवती को रास्ते में घेरकर बनाया निशाना
दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती के साथ मारपीट, जबरन निर्वस्त्र कर वीडियो और तस्वीरें बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता ने शुक्रवार को जरमुंडी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 18 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे वह खेत में धान काटकर घर लौट रही थी। रास्ते में सोगराडंगाल और तिलबरिया गांव के समीप उसकी मुलाकात अपने मंगेतर से हुई थी। मंगेतर ने उसे कपड़े खरीदने के लिए कुछ रुपये दिए, जिसके बाद वह अकेले घर की ओर चल पड़ी। इसी बीच पहले से घात लगाये सात युवकों ने उसे घेर लिया। इनमें तीन युवक उपरबहियारी गांव और तीन युवक सोगराडंगाल गांव के रहने वाले थे।
झाड़ियों के पास घेरकर की मारपीट।
पीड़िता के अनुसार, रास्ते में झाड़ियों के पास पहले से मौजूद शंकर मांझी और रविंद्र मांझी ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी ने पहले उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा मंगेतर द्वारा दिए गए रुपये और मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद आरोपियों ने जबरन उसके कपड़े उतरवाए और निर्वस्त्र स्थिति में उसकी वीडियो बनाने के साथ तस्वीरें भी खींचीं। पीड़िता को काफी देर तक प्रताड़ित करने के बाद आरोपियों ने घटना की जानकारी पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने बनाई छापेमारी टीम।
किसी तरह पीड़िता हिम्मत जुटाकर थाने पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जरमुंडी थाना प्रभारी दयानंद साह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। इसमें पुअनि सुखराम उरांव और अनुसंधानकर्ता सअनि निर्मल कुमार सिंह शामिल थे। पुलिस टीम ने सबसे पहले मुख्य आरोपी बताए गए शंकर मांझी और रविंद्र मांझी को हिरासत में लिया।
निशानदेही पर 4 अन्य आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सूरज माल, विकास मांझी, मनोज मांझी और बजरंग पुजहर को भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह मामले में कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने युवती का वीडियो और तस्वीरें बनाने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है। शनिवार को सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सातवें आरोपी की तलाश में छापेमारी।
इस मामले में पुलिस ने जरमुण्डी थाना में सात लोगों के खिलाफ कांड संख्या 70/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इस वारदात में शामिल सातवां आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।