बाइक पर सवार युवक का साथी भी हुआ घायल, दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार।
दुमका सड़क हादसे में जरमुंडी के बलाथर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 21 वर्षीय कश्यप मिश्रा घायल हो गया। घर लौटने के बाद देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार घायल है।
जरमुंडी थाना क्षेत्र के बलाथर गांव के पास हुआ हादसा

दुमका। जरमुंडी थाना क्षेत्र के बलाथर गांव के पास शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में घायल 21 वर्षीय युवक कश्यप मिश्रा की अचानक मौत हो गई। उसकी मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि बाइक पर सवार उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। मृतक हंसडीहा थाना क्षेत्र की नोनीहाट पंचायत अंतर्गत सुखजोरा गांव का निवासी था।

इलाज के बाद घर लौटे, रात में बिगड़ी तबीयत
बताया जाता है कि शनिवार देर शाम कश्यप मिश्रा अपने एक साथी के साथ घर में बिना कुछ बताए बाइक से बासुकीनाथ गया था। देर रात दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बलाथर गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चोट गंभीर नहीं होने के कारण उपचार के बाद परिजन दोनों को घर ले आए, लेकिन रात में अचानक कश्यप मिश्रा की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
सूचना मिलने पर रविवार को जरमुंडी थाना की पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के अनुसार, घायल साथी को उसके परिजन इलाज के लिए बाहर ले गए हैं। दूसरी बाइक के चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।



