
जमशेदपुर के गैंगस्टरों का दुमका कोर्ट पहुंचना बना सनसनी
अमरनाथ सिंह हत्याकांड—दो आरोपियों पर आरोप गठन
दुमका। 27 जुलाई 2023 को जरमुंडी थाना क्षेत्र के बासुकीनाथ नंदी चौक पर हुए अमरनाथ सिंह हत्याकांड में गुरुवार को मामले के मास्टरमाइंड राजा शर्मा और आरोपी गणेश सिंह उर्फ निशांत को आरोप गठन के लिए दुमका कोर्ट में पेश किया गया। चतुर्थ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगेश कुमार सिंह की अदालत में दोनों आरोपियों के खिलाफ भादवी की धारा 302/201 और आर्म्स एक्ट की धारा 27/35 के तहत आरोप तय किए गए। आरोपियों ने अपना दोष स्वीकार करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 4 दिसंबर की तारीख निर्धारित की और गवाहों को समन जारी करने का आदेश दिया।

पेशी के दौरान हथियारबंद युवकों की मौजूदगी से मचा हड़कंप
दोनों आरोपी जब चार गाड़ियों के काफिले के साथ दुमका कोर्ट पहुंचे तो उनके साथ हथियारों से लैस युवक और समर्थक भी देखे गए। अचानक हुई इस गतिविधि से कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोग आशंकित हो उठे। जैसे ही नगर थाना को इसकी जानकारी हुई, तुरंत टाइगर मोबाइल, पीसीआर वैन और पुलिस बल दुमका सिविल कोर्ट पहुंच गया। पेशी के दौरान कोर्ट गेट के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई।

जान के खतरे का आरोप—जल्दी पेशी की मांग
दोनों आरोपियों ने अपने अधिवक्ता को बताया था कि दुमका कोर्ट में पेशी के दौरान उन्हें जान का खतरा है।
इस वजह से वकील ने कोशिश की कि आरोपियों को पहले ही सत्र में कोर्ट में पेश किया जाए ताकि वे शाम होने से पहले दुमका लौट सकें। फर्स्ट हाफ में ही दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया।

कोर्ट से बाहर सुरक्षा घेरे में निकाले गए आरोपी
कोर्ट की कार्रवाई पूरी होने के बाद जैसे ही दोनों आरोपी बाहर निकले, उनके साथ आए हथियारबंद अंगरक्षकों ने उन्हें तुरंत घेर लिया। नगर थाना के एएसआई दीपक सोरेंग भी सुरक्षा के साथ मुख्य द्वार तक पहुंचे, जहां पहले से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। दोनों आरोपी अलग-अलग गाड़ियों में बैठे और उनके समर्थक तथा दो लाइसेंसी बंदूकधारी समेत चार वाहनों का काफिला तेजी से कचहरी परिसर से निकल गया।



