कचरा फेंकने के विवाद में लोहे की रॉड से हमला, संकेत अग्रवाल अस्पताल में भर्ती

Share this news

पिता-पुत्र के साथ मारपीट और 1 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीनने का आरोप, हर्ष कुमार अग्रवाल समेत 8-10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

दुमका के भागलपुर रोड पर कचरा फेंकने के विवाद में पिता-पुत्र से मारपीट का आरोप। लोहे की रॉड से हमले में संकेत अग्रवाल घायल, हर्ष कुमार अग्रवाल समेत 8-10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज।

निर्माण कार्य को लेकर विवाद


दुमका के भागलपुर रोड स्थित होंडा शोरूम के सामने निर्माणाधीन मकान का कचरा दूसरे की जमीन पर फेंकने को लेकर शुक्रवार शाम दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में पुराना बिजली ऑफिस रोड निवासी प्रदीप कुमार अग्रवाल के करीब 30 वर्षीय बेटे संकेत कुमार अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। नगर थाना पुलिस ने घायल को दुमका सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।

लोहे की रॉड से हमले का आरोप


प्रदीप कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में हर्ष कुमार अग्रवाल और उसके साथ आए 8-10 मजदूरों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे हर्ष कुमार अग्रवाल मजदूरों के साथ उनकी जमीन पर कथित रूप से निर्माण कार्य करा रहे थे और निर्माण सामग्री व कचरा भी उनकी जमीन पर फेंका जा रहा था। प्रदीप कुमार ने इसका विरोध करते हुए निर्माण कार्य रोकने और कचरा दूसरी जगह डालने को कहा। आरोप है कि इस पर विवाद बढ़ गया और हर्ष कुमार अग्रवाल ने संकेत के सिर और चेहरे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

सोने की चेन छीनने का भी आरोप


शिकायत के मुताबिक, हमले में संकेत की बाईं आंख के ऊपर गहरी चोट लगी और खून बहने लगा। वह कुछ देर के लिए बेहोश भी हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान प्रदीप कुमार को भी लाठी-डंडे, लात और घूंसों से पीटा गया तथा उनके गले से करीब 1 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली गई। पिता-पुत्र किसी तरह अपनी जान बचाकर थाना पहुंचे। घायल संकेत को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में चल रहा इलाज


प्रदीप कुमार के आवेदन पर नगर थाना पुलिस ने हर्ष कुमार अग्रवाल और 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आवेदन में बताया गया है कि संकेत अभी अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने उनके चेहरे का सीटी स्कैन और दाहिने कंधे का एक्स-रे कराने की सलाह दी है। प्रदीप कुमार अग्रवाल ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, कथित रूप से छीनी गई सोने की चेन वापस दिलाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS
दुमका में कचरा फेंकने के विवाद में लोहे की रॉड से हमला, संकेत अग्रवाल गंभीर रूप से घायल। पिता-पुत्र से मारपीट और 1 लाख के सोने की चेन छीनने का आरोप, हर्ष कुमार अग्रवाल समेत 8-10 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज। दुमका के हंसडीहा रेलवे स्टेशन पर बनेगा फूड प्लाजा, खुलेंगी कई तरह की दुकानें, डीआरएम और सीनियर डीसीएम ने किया निरीक्षण, सिमडेगा की 14 वर्षीय किशोरी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म और धमकी देने का आरोप लगाया। रांची के विधानसभा थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज। दुमका के सरैयाहाट में सड़क हादसा, छठ मनाने घर लौट रहे घर लौट रहे इकलौते बेटे पिंटू की मौत दुमका के शिकारीपाड़ा में हांदसा: पेड़ से टकरायी कार, खुला एयर बैग पर कौन बचा और कौन हुआ घायल, इसका पता नहीं