साहिबगंज के बरहरवा में सीमेंट टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Share this news

आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहनों में की तोड़फोड़, थाना प्रभारियों के समझाने पर हटाया जाम

साहिबगंज के बरहरवा में तेज रफ्तार सीमेंट टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार सबीर शेख की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर वाहनों में तोड़फोड़ की।

तेज रफ्तार टैंकर ने ली बाइक सवार की जान।

बरहरवा थाना क्षेत्र के बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर केंचुआ पुल के समीप मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोगलपाड़ा निवासी 40 वर्षीय सबीर शेख के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सबीर बरहरवा में रेलवे में वेल्डिंग का काम करता था। मंगलवार देर रात काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार सीमेंट लोडेड टैंकर (ओडी-17 जेड 0922) ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सबीर की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और वाहनों में तोड़फोड़ की। देखते ही देखते मुख्य पथ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही बरहरवा थाना प्रभारी रूपेश कुमार यादव और रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों थाना प्रभारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।

भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर ग्रामीणों में आक्रोश।

ग्रामीणों का आरोप है कि बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर एनएचएआई के कार्य में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, 6 दिनों के भीतर इस सड़क पर यह दूसरी मौत है। गौरतलब है कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर 4 नवंबर को भी सीमेंट लोडेड टैंकर की चपेट में आने से बरहरवा थाना क्षेत्र के बेलडांगा निवासी 22 वर्षीय जीवन रमानी की मौत हो गई थी, जबकि उनके ममेरे भाई रूपचंद रमानी बाल-बाल बच गए थे।

पुलिस कर रही मामले की जांच।

बरहरवा थाना प्रभारी रूपेश कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटना के मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS
सारठ-देवघर मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो वाहन पेड़ से टकरा गए, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसों में दो चालक बाल-बाल बच गए। साहिबगंज के बरहरवा में सीमेंट टैंकर ने बाइक सवार को कुचला, मौत के बाद सड़क जाम दुमका-भागलपुर मार्ग पर तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। रामगढ़ में खड़े ट्रक से बाइक टकराई। दुमका के जामा थाना क्षेत्र के लकड़ापहाड़ी से ईसीएल में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के आरोपी आशु कुमार जायसवाल को पांच साल बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया। दुमका-हंसडीहा रेलखंड पर बड़ा हादसा टला