एसडीजी प्रशिक्षण के लिए झारखंड से एकमात्र उपायुक्त अभिजीत सिन्हा का चयन, देशभर के 24 अधिकारी होंगे शामिल
दुमका। दुमका जिले की विकासात्मक पहलों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले उपायुक्त अभिजीत सिन्हा का चयन जापान में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए हुआ है। सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रशिक्षण 15 से 21 नवंबर तक चलेगा। झारखंड से इस कार्यक्रम के लिए चयनित होने वाले अभिजीत सिन्हा एकमात्र पदाधिकारी हैं। देशभर से कुल 24 अधिकारियों का चयन किया गया है।

भारत-जापान सहयोग कार्यक्रम
जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) के उपक्रम के अनुसार, यह प्रशिक्षण भारत में सतत विकास लक्ष्यों को बढ़ावा देने के लिए जापान-भारत सहयोगात्मक गतिविधियों से जुड़ी परियोजना के दूसरे चरण का हिस्सा है। इसमें विभिन्न राज्यों के प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा नीति आयोग और केंद्रीय वित्त मंत्रालय के पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

नीति आयोग में दुमका को मिली पहचान
अक्टूबर 2025 में नीति आयोग के यूज केस चौलेंज में दुमका जिले की 2 अभिनव पहलों को देशभर में प्रथम स्थान मिला था। शिक्षा तथा वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास की श्रेणियों में मिली इस उपलब्धि के लिए उपायुक्त को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में सम्मानित किया गया था। जिले की इन पहलों को विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रयास के रूप में पहचान मिली है।

शिक्षा और महिला उद्यमिता पर पहल
जिले में ‘24×7 अकादमिक सपोर्ट टू स्टूडेंट्स’ पहल के तहत सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से चौबीसों घंटे शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। इस पहल से जिले के 28 प्लस टू विद्यालयों के विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं। इसके तहत 3 पिछड़े प्रखंडों के विद्यार्थियों को भी जेईई और नीट की तैयारी के लिए सहायता मिली। वहीं, ‘एम्पावरिंग रूरल वुमेन एंटरप्रेन्योरशिप’ पहल के तहत ‘दीदी की दुकान’ के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया गया है।



