दुमका के रामगढ़ अंचल के बंद क्वार्टर में मिला चतुर्थवर्गीय कर्मचारी का शव, मौत की गुत्थी उलझी

Share this news

65 वर्षीय रामू हेंब्रम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने तोड़ा कमरे का दरवाजा

दुमका के रामगढ़ अंचल कार्यालय के क्वार्टर में 65 वर्षीय चतुर्थवर्गीय कर्मचारी रामू हेंब्रम का शव मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। मौत के कारणों की जांच जारी है।

दुमका जिला के रामगढ़ अंचल कार्यालय में कार्यरत चतुर्थवर्गीय कर्मचारी रामू हेंब्रम (65) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार को वह कार्यालय नहीं पहुंचे तो सहकर्मी उनका पता लगाने प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित उनके क्वार्टर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो सहकर्मियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद रामगढ़ थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी गई।

ढाई वर्षों से रामगढ़ में थे कार्यरत रामू हेंब्रम
दुमका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुसुमडीह के पास रहने वाले मंगल हेंब्रम के पुत्र थे। वह पिछले करीब ढाई वर्षों से रामगढ़ अंचल कार्यालय में कार्यरत थे और प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित क्वार्टर में अकेले रहते थे। घटना की सूचना मिलने के बाद उनकी पत्नी, पुत्र और अन्य परिजन रामगढ़ पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में शाम करीब 4 बजे के बाद पुलिस टीम ने कमरे का दरवाजा तोड़ा।

बिस्तर पर पड़ा मिला शव
कमरे के अंदर बिस्तर पर रामू हेंब्रम का शव पड़ा मिला। पुलिस अधिकारियों ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका भेज दिया। देर शाम तक परिजनों की ओर से थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण
रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित क्वार्टर के बंद कमरे से अंचल कर्मचारी का शव बरामद किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS