गुरुवार को हुआ था बिरसा मुंडा का जन्म, 15 नवंबर 1875 को सोमवार था
धरती आबा बिरसा मुंडा की जन्मतिथि 15 नवंबर 1875 को लेकर सवाल क्यों उठते हैं? जानिए मुंडा समाज की पारंपरिक नामकरण पद्धति, जन्म के वार (दिन) और झारखंड स्थापना दिवस से जुड़ी संथाल परगना खबर की विशेष रिपोर्ट।
धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती हर साल 15 नवंबर को मनाई जाती है, लेकिन उनकी वास्तविक जन्मतिथि को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। इसके पीछे एक प्रमुख तर्क यह दिया जाता है कि 15 नवंबर 1875 को सोमवार था, जबकि मुंडा समाज की पारंपरिक नामकरण पद्धति के अनुसार बिरसा मुंडा का जन्म गुरुवार को हुआ था। इसी आधार पर कुछ लोग 15 नवंबर 1875 को उनकी वास्तविक जन्मतिथि मानने पर सवाल उठाते हैं। वर्ष 2000 में अलग झारखण्ड राज्य के गठन की औपचारिकता पूरी हो चुकी थी और इसलिए 15 नवम्बर को बिरसा मुण्डा की जयंती मानकर उसी दिन झारखण्ड के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में बाबूलाल मराण्डी ने शपथ ग्रहण किया था अन्यथा उन्हें मुख्यमंत्री बनने के लिए 30 जून (हूल दिवस) या फिर 18 जुलाई तक इंतजार करना पड़ता।

मुंडा समाज की नामकरण परंपरा
मुंडा जनजाति में पारंपरिक रूप से सप्ताह के दिन के आधार पर बच्चों का नाम रखने की परंपरा रही है। मान्यता के अनुसार, गुरुवार को जन्म लेने वाले बच्चे का नाम ‘बिरसा’ या ‘बिरस’ रखा जाता था। इसी परंपरा के आधार पर यह दावा किया जाता है कि बिरसा मुंडा का जन्म गुरुवार को हुआ था। हालांकि, 19वीं सदी में उलिहातु जैसे सुदूर आदिवासी गांवों में जन्म का व्यवस्थित सरकारी रिकॉर्ड नहीं रखा जाता था। उस समय जन्म की जानकारी मौखिक परंपराओं, स्थानीय रीति-रिवाजों और सप्ताह के दिनों के आधार पर याद रखी जाती थी। कुछ स्रोतों में उनके जन्म की तारीख 18 जुलाई 1872 बताई गई है जिस दिन गुरूवार था यानि मुण्डा परंपरा के मुताबिक यदि बिरसा मुण्डा का नाम रखा गया था तो उनका जन्म 15 नवम्बर 1875 को नहीं बल्कि 18 जुलाई 1872 को हुआ था।

जन्म वर्ष और स्थान को लेकर भी मतभेद
बिरसा मुंडा का जन्म तत्कालीन बंगाल प्रेसीडेंसी के रांची जिले के उलिहातु गांव में हुआ था, जो अब झारखंड के खूंटी जिले में स्थित है। उनके जन्मस्थान को लेकर भी उलिहातु और चालकड़ का उल्लेख मिलता है। उलिहातु के दावे के समर्थन में उनके बड़े भाई कोमता मुंडा के गांव में रहने और वहां उनके परिवार के घर के मौजूद होने का उल्लेख किया जाता है।

ऐतिहासिक दस्तावेजों के आधार पर तय हुई तिथि
बिरसा मुंडा के जीवन और आंदोलन पर शोध करने वाले प्रसिद्ध मानवविज्ञानी डॉ. कुमार सुरेश सिंह ने मिशनरी स्कूलों के दाखिला रजिस्टर, चर्च के बपतिस्मा संबंधी रिकॉर्ड और तत्कालीन ब्रिटिश दस्तावेजों के आधार पर उनकी उम्र और जीवन से जुड़ी जानकारियों का अध्ययन किया था। उनकी पुस्तक श्बिरसा मुंडा और उनका आंदोलनश् को इस विषय में महत्वपूर्ण शोध माना जाता है। उपलब्ध ऐतिहासिक दस्तावेजों और शोध के आधार पर 15 नवंबर 1875 को उनकी जन्मतिथि के रूप में व्यापक मान्यता मिली। हालांकि, गुरुवार को जन्म और नामकरण की परंपरा से जुड़ा तर्क इस तारीख को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।

15 नवंबर को राष्ट्रीय पहचान
भारत सरकार और झारखंड सरकार ने 15 नवंबर को आधिकारिक रूप से बिरसा मुंडा की जयंती के रूप में स्वीकार किया है। इसी तारीख को वर्ष 2000 में झारखंड राज्य का गठन हुआ था। वर्ष 2021 से केंद्र सरकार ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। इस तरह 15 नवंबर केवल बिरसा मुंडा की जयंती ही नहीं, बल्कि झारखंड के स्थापना दिवस और देशभर में आदिवासी गौरव, संघर्ष तथा विरासत को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर भी बन गया है।

24 साल की उम्र में शहीद हुए थे बिरसा मुंडा, प्रतिमा 40-42 वर्ष की
ऐतिहासिक तस्वीरों में बिरसा मुंडा का चेहरा अपेक्षाकृत युवा और दुबला-पतला दिखाई देता है। 9 जून 1900 को रांची जेल में निधन के समय बिरसा मुण्डा की उम्र महज 24 वर्ष 6 माह थी। वह कभी 40 वर्ष की आयु तक नहीं पहुंचे। मूर्तिकारों द्वारा बिरसा मुंडा को धरती आबा और एक महान जननायक के रूप में प्रस्तुत करते समय उनके चेहरे पर गंभीरता, अनुभव और नेतृत्व का भाव उकेरा गया है। इस कारण प्रतिमाओं में बिरसा मुंडा की उम्र वास्तविक उम्र से काफी अधिक दिखाई देती है। चेहरे की बनावट से झलकती है प्रौढ़ता प्रतिमा में माथे की लकीरें, गालों का कसाव और जबड़े की चौड़ाई चेहरे को अधिक परिपक्व बनाती है। मूंछों की घनी बनावट और ठुड्डी का उभार भी उन्हें करीब 40-42 वर्ष के व्यक्ति जैसा रूप देता है। इसके अलावा कंधों और छाती को चौड़ा तथा भारी-भरकम दिखाया गया है, जिससे एक प्रौढ़ और अनुभवी योद्धा की छवि उभरती है।



