किडनी और लिवर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे मंटू मरांडी ने रविवार को ली अंतिम सांस,
दुमका के मसलिया में किडनी और लिवर की गंभीर बीमारी से 28 वर्षीय मंटू मरांडी की मौत हो गई। उनके पीछे पत्नी और 2 मासूम बच्चे रह गए हैं। परिवार ने सरकार और प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
परिवार ने सरकार और प्रशासन से मांगी आर्थिक मदद
दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र की रानीघाघर पंचायत अंतर्गत केशोरायडीह गांव में 28 वर्षीय मंटू मरांडी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मंटू किडनी और लिवर संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। बीमारी का पता चलने के बाद उनकी पत्नी अंजली टुडू ने पति को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया। बेहतर इलाज की उम्मीद में वह उन्हें लेकर आसनसोल, जमशेदपुर और धनबाद के अस्पतालों के चक्कर लगाती रहीं। आर्थिक और पारिवारिक कठिनाइयों के बावजूद इलाज में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी मंटू को बचाया नहीं जा सका। रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
पत्नी और 2 मासूम बच्चों के सामने जीवनयापन का संकट।
मंटू अपने पीछे पत्नी अंजली टुडू, 8 वर्षीय पुत्री सरना मरांडी और 4 वर्षीय पुत्र साल बिरसा मरांडी को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से पत्नी और दोनों बच्चों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। पिता के साये से वंचित दोनों मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार चिंतित है। कम उम्र में पति को खोने के बाद अंजली के सामने बच्चों के पालन-पोषण और उनकी शिक्षा की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। इस दुखद घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
सरकार और जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार।
पीड़ित परिवार ने सरकार और जिला प्रशासन से आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की अपील की है। परिवार का कहना है कि आर्थिक सहायता मिलने से बच्चों के पालन-पोषण और शिक्षा की व्यवस्था करने में सहारा मिल सकेगा। पति की मौत के बाद कठिन परिस्थितियों से जूझ रही अंजली को अब अपने दोनों बच्चों का भविष्य संवारने की चिंता सता रही है।