फुलाइस की परंपरा के तहत गर्भगृह में लिया गया बाबा का आदेश,
नवान्न पर्व 26 नवंबर को संथाल परगना के सैकड़ों गांवों में धूमधाम से मनाया जाएगा। बाबा बासुकीनाथ की फुलाइस परंपरा के तहत गर्भगृह में अनुमति मिलने के बाद पर्व की तिथि निर्धारित की गई।
- नवान्न पर्व 26 नवंबर को मनाने का हुआ निर्णय
- फुलाइस की परंपरा से निर्धारित होती है नवान्न पर्व की तिथि
- नए धान से तैयार चूड़ा और दही-गुड़ का लगता है भोग
- संथाल परगना के सैकड़ों गांवों में निभाई जाती है लोक परंपरा
संथाल परगना के सैकड़ों गांवों में धूमधाम से मनेगा लोक संस्कृति का पर्व
लोक संस्कृति और कृषि परंपरा से जुड़े नवान्न पर्व को इस वर्ष 26 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि को आयोजित होने वाले इस पर्व की तिथि बाबा बासुकीनाथ की अनुमति से निर्धारित की गई है। शनिवार की सुबह बासुकीनाथ मंदिर के सरकारी पुजारी ने पंडा-पुरोहित समाज के सदस्यों की उपस्थिति में गर्भगृह स्थित शिवलिंग पर अरवा चावल, सुपारी, पान का पत्ता और बेलपत्र अर्पित कर फुलाइस की परंपरा निभाई। बाबा के संकेत के अनुसार 26 नवंबर को नवान्न मनाने का निर्णय लिया गया।

फुलाइस के बाद तय हुई पर्व की तिथि।
वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार बासुकीनाथ, जरमुंडी, जामा, हंसडीहा, रामगढ़, सरैयाहाट, दुमका, सहारा और तालझारी सहित आसपास के सैकड़ों गांवों में नवान्न पर्व की तिथि बाबा बासुकीनाथ पर फुलाइस कराकर तय की जाती है। अगहन यानी मार्गशीर्ष महीने में संभावित शुभ तिथियों पर विचार के लिए पंडा-पुरोहितों की बैठक होती है। इसके बाद मंदिर के गर्भगृह में सरकारी पुजारी और पंडा समाज की मौजूदगी में अरवा चावल, सुपारी, पान का पत्ता और बेलपत्र अर्पित कर बाबा से अनुमति ली जाती है। फुलाइस के माध्यम से तिथि निर्धारित होने के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी उसी दिन नवान्न पर्व मनाया जाता है।

नए धान से तैयार चूड़ा का लगता है भोग।
नई फसल की कटाई के बाद मनाया जाने वाला नवान्न या नेवान कृषि संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण लोकपर्व है। इस अवसर पर परिवार के सदस्य खेत से नया धान लाते हैं और पारंपरिक तरीके से उससे चूड़ा तैयार किया जाता है। नए चूड़े में दही और गुड़ मिलाकर भगवान को भोग लगाया जाता है। इसके बाद ब्राह्मणों और परिवार के सदस्यों को प्रसाद खिलाया जाता है। यह पर्व नई फसल के स्वागत, समृद्धि और सामूहिक परंपरा के उत्सव के रूप में मनाया जाता है।



