ऐतिहासिक होगा दुमका पुलिस लाइन का इस बार गणतंत्र दिवस समारोह

ऐतिहासिक होगा दुमका पुलिस लाइन का इस बार गणतंत्र दिवस समारोह
Share this news

दुमका। झारखंड गठन के 25 वर्षों बाद पहली बार ऐसा अवसर आएगा जब दुमका के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री, मंत्री या प्रमंडलीय आयुक्त नहीं, बल्कि दुमका के उपायुक्त अभिजीत कुमार सिन्हा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। मुख्यमंत्री के विदेश दौरे और आयुक्त पद के रिक्त रहने के कारण यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है, जिससे इस बार उपराजधानी दुमका में गणतंत्र दिवस समारोह का केंद्र जिला प्रशासन रहेगा।

राजभवन से पुलिस लाइन तक विशेष कार्यक्रम, शहीदों को श्रद्धांजलि

दुमका। उपायुक्त अभिजीत कुमार सिन्हा 26 जनवरी की सुबह 8:50 बजे बंदरजोड़ स्थित राजभवन से पुलिस लाइन मैदान के लिए रवाना होंगे। मैदान पहुंचकर वे शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, इसके बाद ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण करेंगे। जिला प्रशासन ने समारोह को भव्य, अनुशासित और गरिमामय बनाने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।

फुल ड्रेस रिहर्सल सफल, प्रशासन और पुलिस ने किया निरीक्षण

दुमका। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत शनिवार को पुलिस लाइन मैदान में परेड का फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित किया गया। रिहर्सल का संयुक्त निरीक्षण उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान और पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच, परेड, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

झांकियों में दिखेगी विकास की झलक, विभागीय योजनाओं का प्रदर्शन

दुमका। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। उप विकास आयुक्त ने बताया कि सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी झांकियों को समय पर तैयार करें, ताकि समारोह के दौरान जनता को विकास कार्यों की स्पष्ट झलक मिल सके।

16 प्लाटून की परेड, सुरक्षा और अनुशासन का भव्य प्रदर्शन

दुमका। गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में कुल 16 प्लाटून हिस्सा लेंगे, जिनमें आईआरबी जामताड़ा और गोड्डा, झारखंड पुलिस देवघर, साहिबगंज पुलिस, देवघर और जामताड़ा जिलाबल, एसआईआरबी दुमका महिला प्लाटून, गोड्डा, दुमका, साहिबगंज और पाकुड़ जिलाबल, गृहरक्षा वाहिनी दुमका, एनसीसी प्लस टू जिला स्कूल दुमका (बालक), स्काउट एंड गाइड दुमका तथा पुलिस अकादमी हजारीबाग की बैंड पार्टी और कमांड पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रशासन का दावा है कि इस बार का गणतंत्र दिवस समारोह दुमका के इतिहास में अनुशासन, भव्यता और प्रशासनिक सक्रियता का यादगार उदाहरण बनेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS