
दुमका। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मंझलाडीह करमटोला गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार को 63 वर्षीय वृद्धा सुमीधन हांसदा की बेरहमी से हत्या उसके ही सगे पोते होपोनोटा हेम्ब्रम उर्फ जलपा हेम्ब्रम ने कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने जमीन और पैसों के विवाद को लेकर अपनी दादी को मारने की बात स्वीकार की है। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने आंगन में खाट पर सोयी वृद्धा का शव बरामद किया था। छानबीन और पूछताछ के दौरान पुलिस को मृतका के पोते पर शक हुआ। पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्या का अपराध स्वीकार करते हुए उसका जो कारण बताया उसे सुनकर पुलिस भी चौंक गयी।

जलन और जमीन-पैसे के विवाद ने छीनी जान
दुमका। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि दादा-दादी अपनी जमीन बेचकर आरोपी और उसके पिता को पैसा देने से इनकार करते थे। इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़े होते रहते थे। जलन, गुस्से और लालच में आकर आरोपी पोते ने अपनी दादी का सिर डंडे से कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

नाती ने मृतका के पोता के खिलाफ दर्ज करवाया मामला
दुमका। हत्या का यह मामला मृतका के नाती ने उसके पोते के खिलाफ दर्ज करवाई है। दरअसल जिस महिला की हत्या हुई है वह अपने साथ अपने नाती नतनी को रखती थी और पोता पोती को नहीं रखते थे। इस कारण से जलन, कुढ़न और संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलने के विवाद के कारण पोते ने दादी की जान ले ली।

एक माह में तीन खौफनाक वारदातें
दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में सितंबर माह में यह तीसरी घटना है जब अपनों ने ही अपनों का खून किया है। 3 सितंबर को सुंदराप्लान गांव में युवक ने अपनी प्रेमिका के माता-पिता की हत्या कर दी थी। 19 सितंबर को एक युवक ने अपनी पत्नी और नानी सास को मौत के घाट उतारा। अब 26 सितंबर को पोते ने दादी की जान ले ली। तीनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


