अनियंत्रित हाइवा ने 2 बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, 4 गंभीर

अनियंत्रित हाइवा ने 2 बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, 4 गंभीर
Share this news

खराब हाइवा भी बना हादसे का कारण, लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद नहीं हटाया गया वाहन

शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को 2 अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 4 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना सरसडंगाल गांव के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ने 2 बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि तीनों युवक सरसडंगाल के साप्ताहिक हाट में आए थे और लौटने के दौरान दुर्घटना का शिकार हुए।

मृतक की पहचान नहीं, 2 घायल रेफर।

दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर रामपुरहाट की ओर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक पास के शहरपुर गांव का रहने वाला था। हाइवा की चपेट में आने से उसका सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। घायलों की पहचान पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तिनसुलिया गांव निवासी सुनीराम सोरेन और शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कुरूमटांड़ निवासी आकाल मुर्मू के रूप में हुई है। सुनीराम सोरेन की हालत गंभीर बतायी जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

बरसिया के पास सड़क पर खड़ा खराब हाइवा बना खतरा।

दूसरी घटना दुमका-रामपुरहाट मार्ग पर बरसिया के पास हुई, जहां पिछले 4 दिनों से बीच सड़क पर गिट्टी लदा खराब हाइवा खड़ा है। सोमवार को इसी हाइवा से बाइक टकराने के कारण 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक बरमसिया के रहने वाले बताए जाते हैं और उनकी उम्र करीब 30 से 32 वर्ष है। स्थानीय लोगों के अनुसार खराब हाइवा के दोनों ओर न तो रेडियम लगाया गया है और न ही कोई अवरोध या चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।

4 दिनों में लगातार हो रहे हादसे।

स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले 13 सितंबर को बाइक सवार 3 युवक इसी हाइवा से टकराकर घायल हुए थे। उससे एक दिन पूर्व एक बोलेरो भी हाइवा से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। लगातार हादसों के बावजूद सड़क पर खड़े खराब हाइवा को हटाने या उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था करने की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है। इससे वाहन चालकों में दुर्घटना को लेकर भय बना हुआ है।

हाइवा तत्काल हटाने की मांग।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क पर खड़े खराब हाइवा को तत्काल हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक हाइवा को हटाया नहीं जाता, तब तक उसके दोनों ओर रेडियम, अवरोधक और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए, ताकि रात के समय वाहन चालकों को इसकी जानकारी मिल सके और आगे होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगायी जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS
देवघर के सारवां में ट्रैक्टर से गिरकर 16 वर्षीय किशोर शक्ति यादव की मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सारठ-देवघर मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो वाहन पेड़ से टकरा गए, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसों में दो चालक बाल-बाल बच गए। साहिबगंज के बरहरवा में सीमेंट टैंकर ने बाइक सवार को कुचला, मौत के बाद सड़क जाम दुमका-भागलपुर मार्ग पर तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। रामगढ़ में खड़े ट्रक से बाइक टकराई। दुमका के जामा थाना क्षेत्र के लकड़ापहाड़ी से ईसीएल में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के आरोपी आशु कुमार जायसवाल को पांच साल बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया। दुमका-हंसडीहा रेलखंड पर बड़ा हादसा टला