दुमका के गोपीकांदर के धरमपुर के ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, कहा किसी कीमत पर नहीं खुलने देंगे खदान

Share this news

घनी आबादी से महज 50 गज की दूरी पर प्रस्तावित है खदान, ब्लास्टिंग से जान-माल के नुकसान की आशंका

दुमका के गोपीकांदर के धरमपुर गांव में प्रस्तावित पत्थर खदान का ग्रामीणों ने विरोध किया। आबादी से महज 50 गज की दूरी पर खदान होने से ब्लास्टिंग के दौरान जान-माल के नुकसान की आशंका जताई।

खदान संचालन के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध।

दुमका जिले के गोपीकांदर अंचल क्षेत्र के छतरचुआ मौजा में प्रस्तावित पत्थर खदान का संचालन लीजधारक के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। खदान भले ही छतरचुआ मौजा में स्थित है, लेकिन यह धरमपुर गांव से बिल्कुल सटा हुआ है। खदान से महज 50 गज की दूरी पर घनी आबादी बसी हुई है। ऐसे में पत्थर उत्खनन के लिए ब्लास्टिंग किए जाने से ग्रामीणों की सुरक्षा को खतरा होने की आशंका है। इसे लेकर धरमपुर गांव के ग्रामीणों ने खदान संचालन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

ब्लास्टिंग से पूरे गांव पर असर पड़ने की आशंका।

ग्रामीण गुड़ित बरियार हेंब्रम ने बताया कि लीजधारक जबरन पत्थर उत्खनन करना चाहते हैं। यदि यहां ब्लास्टिंग की जाती है तो इसका असर पूरे गांव पर पड़ेगा। इससे पहले भी इसी क्षेत्र से कुछ दूरी पर पत्थर खदान से उत्खनन किया गया था, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धरमपुर गांव से सटे इस स्थान पर किसी भी हाल में पत्थर उत्खनन नहीं होने दिया जाएगा। इस संबंध में अंचल अधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी और उपायुक्त को पत्र लिखकर खदान का संचालन शुरू नहीं कराने की मांग की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि बातचीत से समाधान नहीं निकला तो ग्रामीण आर-पार की लड़ाई लड़ने को बाध्य होंगे।

ग्रामसभा में सहमति नहीं लेने का लगाया आरोप। ग्रामीण रेस हांसदा और लाउस मरांडी ने बताया कि किसी भी मौजा में पत्थर खदान खोलने के लिए ग्रामसभा का आयोजन किया जाता है। खदान छतरचुआ मौजा में प्रस्तावित है, लेकिन इसकी दूरी धरमपुर गांव से महज 50 गज है। ऐसे में ग्रामसभा में छतरचुआ के साथ धरमपुर के ग्रामीणों की सहमति भी जरूरी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें ग्रामसभा की कोई जानकारी नहीं दी गई और संचालक ने कथित तौर पर फर्जी ग्रामसभा कराकर खदान का लीज प्राप्त कर लिया।

पुरानी खदान में गिरने से पांच मवेशियों की मौत।

ग्रामीण महेशचंद्र बास्की, मीनू हांसदा, लखीराम हांसदा और सिमोन बास्की ने बताया कि जिस स्थान पर संचालक पत्थर उत्खनन शुरू करने पर अड़े हैं, उसके ठीक पहले एक पुरानी पत्थर खदान भी है। खदान बंद होने के बाद आज तक उसकी घेराबंदी नहीं कराई गई है। इसके कारण अब तक गांव के पांच मवेशियों की खदान में गिरने से मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले से ही खदान और क्रशर के संचालन के कारण उनका जीना मुश्किल हो गया है।

समाधान नहीं होने पर सड़क जाम की चेतावनी।

ग्रामीणों ने कहा कि प्रस्तावित खदान के संचालन से उनकी सुरक्षा पर खतरा बढ़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर खदान का संचालन शुरू नहीं होने देने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे संचालक के खिलाफ सड़क जाम कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS
देवघर के सारवां में ट्रैक्टर से गिरकर 16 वर्षीय किशोर शक्ति यादव की मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सारठ-देवघर मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो वाहन पेड़ से टकरा गए, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसों में दो चालक बाल-बाल बच गए। साहिबगंज के बरहरवा में सीमेंट टैंकर ने बाइक सवार को कुचला, मौत के बाद सड़क जाम दुमका-भागलपुर मार्ग पर तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। रामगढ़ में खड़े ट्रक से बाइक टकराई। दुमका के जामा थाना क्षेत्र के लकड़ापहाड़ी से ईसीएल में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के आरोपी आशु कुमार जायसवाल को पांच साल बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया। दुमका-हंसडीहा रेलखंड पर बड़ा हादसा टला