
पुलिस अधिकारी के नाम से भेजी एम परिवाहन ऑनलाइन चलान के नाम से एपीके फाइल
‘आपका और मेरा दोनों का नाम है’ लिखकर भेजा संदेश, समय रहते भांप लिया साइबर ठगी का प्रयास
दुमका। ट्रैफिक पुलिस द्वारा ऑनलाइन चालान काटे जाने का हवाला देकर साइबर ठगी का नया तरीका सामने आया है। साइबर ठग अब लोगों को भ्रमित करने के लिए परिवहन विभाग और यातायात चालान के नाम पर मोबाइल पर एपीके फाइल भेज रहे हैं। ठगी के इस तरीके में लोगों के भरोसे का फायदा उठाने के लिए ठग दोस्तों, परिचितों से लेकर पुलिस अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर का सहारा ले रहे हैं। इसी तरह साइबर ठगी की कोशिश दुमका के अधिवक्ता एवं पत्रकार डॉ. राज कुमार उपाध्याय के साथ की गई। हालांकि उन्होंने समय रहते संदेश की संदिग्ध प्रकृति को पहचान लिया और एपीके फाइल को अपने मोबाइल में डाउनलोड नहीं किया।

पुलिस अधिकारी के नाम से आया संदेश
दुमका। 30 अगस्त की दोपहर करीब 12ः22 बजे डॉ. राज कुमार उपाध्याय के मोबाइल पर $91 79035 17023 नंबर से जो ‘जेवियर होरो, तालझारी’ के नाम से उनके मोबाइल में दर्ज था, एक व्हाट्सऐप संदेश आया। संदेश में लिखा था, ’’‘कल ट्रैफिक पुलिस ने ऑनलाइन चालान काटा है, बहुत लोगों का। इसमें मेरा और आपका दोनों का नाम है।’’’ इसके साथ ‘एम परिवहन ऑनलाइन चालान’ के नाम से एक एपीके फाइल भेजी गई थी। जेवियर होरो पूर्व में तालझारी थाना में पदस्थापित रह चुके हैं। उनका ऑनलाईन चलान पुलिस भला क्यों काटेगी। फिर दुमका में पुलिस ऑनलाईन चलान काटती भी नहीं है। संदेश के साथ पीडीएफ के बजाय फाईल फाइल भेजे जाने से डॉ. उपाध्याय को संदेह हुआ।

मोबाइल में डाउनलोड नहीं की एपीके फाइल
दुमका। संदेह होने पर डॉ. उपाध्याय ने उक्त फाइल को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड नहीं किया। हालांकि उन्होंने इसे अपने डेस्कटॉप कंप्यूटर पर डाउनलोड कर लिया था, लेकिन संदेह होने के बाद फाइल को तत्काल हटा दिया। इसके बाद संबंधित मोबाइल नंबर को ब्लॉक करने के साथ व्हाट्सऐप पर उस नंबर को रिपोर्ट भी कद दिया। उनका आशंका है कि इस तरह की संदिग्ध फाइल के माध्यम से साइबर अपराधी मोबाइल में हानिकारक एप्लीकेशन डाउनलोड करवा कर बैंक खाते, बैंकिंग जानकारी, संपर्क सूची और अन्य निजी डाटा तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर साइबर फ्रॉड कर उनके बैंक खाते से रुपये निकाल सकते हैं।

साइबर क्राइम के अधिकारिक पोर्टल पर दर्ज करायी शिकायत
दुमका। घटना के बाद डॉ. राज कुमार उपाध्याय ने तुरंत 1930 नंबर पर कॉल लगाया पर तीन बार कॉल लगाने पर बार-बार यही बताया जा रहा था कि सभी लाईनें व्यस्त है, जल्द ही कॉल ली जायेगी और साइबर क्राईम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने का विकल्प भी बताया गया। जिसपर उन्होंने 30 अगस्त 2026 को साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पोर्टल से प्राप्त स्थिति विवरण के अनुसार शिकायत संख्या ’’23408260021978’’ दर्ज हुई है। शिकायत को ‘अन्य साइबर अपराध’ श्रेणी में दर्ज किया गया है और फिलहाल इसकी स्थिति ’’लंबित’’ है।

कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध
दुमका। शिकायत के विवरण में ई-एफआईआर दर्ज होना नहीं दर्शाया गया है। डॉ. उपाध्याय ने संबंधित मोबाइल नंबर और संदिग्ध एप्लीकेशन फाइल की तकनीकी जांच कराने, नंबर के वास्तविक उपयोगकर्ता, संबंधित उपकरण, इंटरनेट पता और अन्य उपलब्ध तकनीकी विवरण का पता लगाने तथा साइबर अपराध का तत्व पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

पत्रकार अनूप श्रीवास्तव को भी भेजा गया था ऐसा ही संदेश
दुमका के पत्रकार अनूप श्रीवास्तव को भी 5 अगस्त को इसी तरीके से साइबर ठगी की कोशिश की गई थी। उन्हें भागलपुर के पत्रकार आदित्य कुमार के मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप पर संदेश भेजा गया था, जिसमें लिखा था, “ट्रैफिक पुलिस ने ऑनलाइन चालान काटा है, बहुत लोगों का। इसमें मेरा और आपका दोनों का नाम है।” संदेश के साथ ‘एम परिवहन ऑनलाइन चालान’ के नाम से एक एपीके फाइल भी भेजी गई थी। अनूप श्रीवास्तव ने भी संदेश और फाइल की संदिग्धता को भांप लिया और एपीके फाइल को अपने मोबाइल में डाउनलोड या स्थापित नहीं किया। लगातार दो पत्रकारों को अलग-अलग परिचित पत्रकारों के नंबर से इसी तरह का संदेश भेजे जाने से यह आशंका और गहरी हो गई है कि साइबर ठग लोगों का भरोसा जीतने के लिए दूसरे व्यक्तियों के मोबाइल नंबर या व्हाट्सऐप खातों का दुरुपयोग कर रहे हैं।

पहचान वाले नंबर से संदेश भेजकर बनाया जा रहा भरोसा
दुमका। साइबर ठगी के इस तरीके में सबसे गंभीर पहलू यह है कि अपराधी लोगों को भरोसे में लेने के लिए किसी परिचित या अधिकारी के नाम और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे संदेश प्राप्त करने वाला व्यक्ति बिना ज्यादा संदेह किए भेजी गई फाइल खोल सकता है। परिवहन विभाग या यातायात चालान के नाम पर भेजी गई किसी भी संदिग्ध एप्लीकेशन फाइल को स्थापित करना मोबाइल उपयोगकर्ता के लिए भारी नुकसान का कारण बन सकता है। इसलिए चालान संबंधी किसी भी संदेश पर कार्रवाई करने से पहले उसकी सत्यता आधिकारिक सरकारी माध्यम से जांचना जरूरी है। किसी अनजान या संदिग्ध स्रोत से प्राप्त एप्लीकेशन फाइल को मोबाइल में स्थापित नहीं करना ही सुरक्षित उपाय है।


