
देवघर से बासुकीनाथ में जलाभिषेक के बाद जसीडीह लौटने के दौरान हुआ हादसा
ऑटो पलटने से दबकर गंभीर रूप से घायल हुईं सरस्वती देवी
दुमका। जरमुंडी थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम ऑटो पलटने से बिहार के मोतिहारी जिले की 60 वर्षीय महिला कांवरिया सरस्वती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उनकी मौत हो गई। मृतका मोतिहारी जिले के सलेमपुर की रहने वाली थीं। परिजनों ने बताया कि परिवार और गांव के करीब एक दर्जन लोग जलाभिषेक के लिए आए थे। देवघर के बाद शनिवार को बासुकीनाथ धाम में जलाभिषेक कर सभी ऑटो से जसीडीह जा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। जरमुंडी में वाहन से नियंत्रण हटने के बाद ऑटो बीच सड़क पर पलट गया, जिससे सरस्वती देवी दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सीएचसी से पीजेएमसीएच रेफर, इलाज के दौरान मौत
हादसे के बाद पुलिस की मदद से घायल सरस्वती देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। रविवार सुबह नगर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन तब तक स्वजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर जा चुके थे। पूछताछ में पता चला कि स्वजन निजी एंबुलेंस से शव को लेकर अपने घर चले गए।

शराब पीकर वाहन चलाने से बढ़ रहे सड़क हादसे
देवघर में जलार्पण के बाद बासुकीनाथ आने और यहां से लौटने वाले कांवरियों तथा उन्हें लेकर चलने वाले वाहनों के चालक शराब का सेवन कर रहे हैं, जिससे दुमका-देवघर मार्ग, बासुकीनाथ-नोनीहाट मार्ग और नोनीहाट-हंसडीहा मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। सावन के दौरान अलग-अलग सड़क हादसों में अब तक आधा दर्जन से अधिक कांवरियों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 दर्जन से अधिक कांवरिया घायल हुए हैं। आरोप है कि सावन के दौरान पुलिस ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की नियमित जांच नहीं करती है। देवघर में जलार्पण तक संयम बरतने के बाद कई कांवरिया और चालक बासुकीनाथ की ओर जाते या वहां से लौटते समय शराब का सेवन कर लेते हैं। इससे दुमका जिले के सड़क मार्गों पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।



