क्षतिग्रस्त बोलेरो बरामद हुई, जिसके आगे आगजनी के निशान
शिकारीपाड़ा कोल ब्लॉक हिंसा में पुलिस पर हमले की पूर्व तैयारी के संकेत मिले हैं। घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बोलेरो, RAF जवान का हेलमेट और लाठी मिली। जीएम सागर सिंह मीणा पर जानलेवा हमले का आरोप, जबकि निजी चालक अखिलेश पाल अब भी लापता है।
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर बादलपाड़ा क्षेत्र में बीती रात खुलने वाले कोल कंपनी के बोरिंग हेतु हो रहे ग्राम सभा के दौरान पुलिस कर्मियों पर पथराव और हमले की पहले से तैयारी थी पर पुलिस विभाग का इंटेलिजेंस यह इनपुट नहीं दे पाया। ग्रामीणों ने आसपास के दर्जन भर गांवों के ग्रामीणों को हरवे हथियार के साथ बुला रखा था और पेड़ काट कर रखा गया था कि कंपनी के अधिकारी, प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी को घेरा जा सके। सोमवार की सुबह घटनास्थल पर पुलिस की एक क्षतिग्रस्त बोलेरो बरामद हुई, जिसके आगे आगजनी के निशान दिख रहे हैं। बगल में रैफ के जवान की हेलमेट और लाठी गिरी हुई दिखाई दे रही है। बोलेरो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। इसी बोलेरो में नग्न स्थिति में कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा के बॉडी को रखा गया था यह सोचकर कि उसकी मौत हो गयी है। साथ रास्ते में एक पेड़ भी गिरा था जिससे यह पता चल रहा है कि सड़क को ब्लॉक करने का भी प्रयास किया गया पर ऐसा किसके द्वारा हुआ है, इसकी जानकारी प्राप्त नहीं हुई। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर इलाके में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे के दौरान रविवार देर रात ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प में ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें करीब 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को पहले शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद आधा दर्जन से अधिक जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। घायलों में कंपनी कमांडर समेत दो पुलिसकर्मियों के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि एक जवान का पैर टूटने की सूचना है। घायलों की सूची में फूल कुमार यादव (34), आनंद मुर्मू (24), एएसआई सोमाय किस्कू, चार्लेस मुर्मू (37), सनोज मरांडी (22), सुजीत सोरेन (23), अनिल दास (55), शिवजी यादव (43), श्याम सुंदर साह (50), अल्बर्ट एक्का (40), दीप नारायण मंडल (38) और सुनील हांसदा (41) शामिल हैं। इनमें फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्लेस मुर्मू, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह और सुनील हांसदा को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। दुमका के प्रभारी एसपी मुकेश कुमार ने बताया कि झड़प में 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 की स्थिति ठीक है और 2 को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा रहा है। उन्होंने घटना की आगे की कार्रवाई के लिए डीआईजी से चर्चा करने और संबंधित थाना से मिली जानकारी का सत्यापन कराने की बात कही।

डीप बोरिंग के लिए कल्याणपुर में बुलाई गई थी ग्रामसभा
दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में कोल ब्लॉक सर्वे के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प के पीछे ग्रामसभा की बैठक भी एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सामने आई है। अंचल राजस्व न्यायालय, शिकारीपाड़ा की ओर से 13 नवंबर 2026 को जारी नोटिस के अनुसार, एचपीसीएल को आवंटित कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लॉक क्षेत्र में अन्वेषण कार्यक्रम के तहत डीप बोरिंग कराई जानी थी। इस कार्य के सफल संचालन के लिए संबंधित मौजा के 16 आना रैयतों की उपस्थिति में ग्रामसभा आयोजित करने का निर्देश दिया गया था। नोटिस में ग्राम प्रधान और ग्रामसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए 22 नवंबर 2026 को दोपहर 12.30 बजे ग्रामसभा की तिथि निर्धारित की गई थी। इसके लिए संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक और अंचल निरीक्षक को ग्राम प्रधान के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामसभा सुनिश्चित कराने तथा ग्राम प्रधान को अपने स्तर से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया था। ग्रामसभा की कार्यवाही का विवरण और मतव्य सहित प्रति अंचल कार्यालय में उपलब्ध कराने को भी कहा गया था। इसी कोल ब्लॉक क्षेत्र में रविवार शाम कंपनी के अधिकारियों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई और देर रात ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई।

सागर सिंह मीणा को जान से मारने की थी साजिश: मुन्नी
दुमका। काठीकुंड आंदोलन से उभरी विस्थापन विरोधी नेता मुन्नी हॉसदा ने शिकारीपाड़ा के बादलपाड़ा कल्याणपुर कोल ब्लॉक में हुए हिंसक झड़प के घटना पर बड़ा बयान दिया है। मुन्नी हॉसदा ने इस घटना को पूरी तरह से गलत और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 20 सालों से कोयला खदान और विस्थापन के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करते आ रही हैं उनके आंदोलन में आज तक कोल कंपनी के किसी कर्मचारी पदाधिकारी या पुलिस को खरोंच तक नहीं आई है। विरोध और अपनी बात रखने का एक तरीका होता है। बादलपाड़ा कल्याणपुर कोल ब्लॉक में डीप बोरिंग के लिए ग्राम सभा निर्धारित की गई थी पर वहां कई गांव के लोगों को बुला लिया गया और भीड़ जमा कर ली गई। भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा और उनके ड्राइवर पर हमला कर दिया। मुन्नी हॉसदा ने खुलासा किया है की सागर सिंह मीणा को जान से मारने की साजिश की गई है। मीना को बुरी तरह से मारा गया है और तालाब के पानी में डूबने का प्रयास किया गया है। मुन्नी हांसदा ने बताया कि ग्रामीणों की भीड़ बोरिंग मशीन को वहां से हटाने की मांग कर रही थी। बोरिंग मशीन कैंप में था वहां था भी नहीं और वह भारी भरकम मशीन है उसको तुरंत नहीं हटाया जा सकता। मुन्नी हांसदा ने कहा है कि इस पूरे घटना का नेतृत्व करने वाले को चिन्हित कर प्रशासन पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जानी चाहिए।

रैफ जवान ने वर्दी उतार कर कर घायलों का किया रेस्क्यू
दुमका। रैपिड एक्शन फोर्स के जवान अमरनाथ खिरहर ने बताया कि उन्हें सूचना दी गई थी कि शिकारीपाड़ा में इमरजेंसी ड्यूटी है चलना है। सीओ साहब थे, एसडीओ साहब थे। डीएसपी साहब थे, सभी लोग थे। फिर वहां से कोई संथाल बस्ती है वहां मोमेंट होने की सूचना आई। वहां पहुंचने पर देखें कि काफी संख्या में आदिवासी अपने पारंपरिक हथियार तीर धनुष भला वर्षा लाठी से लैस होकर जमा है। साहब के आदेश के अनुसार जैसे ही रैफ के जवानों ने मूवमेंट किया आदिवासियों की भीड़ उन पर हावी हो गई। साइड में मेटल यानी बड़े-बड़े पत्थर रखे हुए थे उसे उठाकर मरने लगे। लाठी से भी मारा। रैफ के जवान तीतर भीतर हो गए। रैफ के कंपनी कमांडर गंभीर रूप से घायल है। उनके सिर में गंभीर चोट आई है। एक जवान शिवजी यादव हैं उसका पूरा पैर मार के तोड़ दिया है। एक और जवान विनोद दास है उसको ऐसा मारा है कि उसके कान से लगातार खून बड़ा है। फूल कुमार यादव नामक जवान का मार कर नाक तोड़ दिया है। मेरे सर पर मारा है सर पर चोट आई है। सर फटा हुआ है। रैप 5 दुमका की पूरी कंपनी को भीड़ ने निशाना बनाया है। अपना वर्दी उतार के सिविल में आ गए और फिर दो और जवानों को रेस्क्यू किया। देखा कि घटना स्थल पर एक जवान और कमांडेंट पड़े हुए हैं तो फोन कर दोनों को रेस्क्यू करने के लिए फोर्स भेजने का आग्रह किया।

अधिकतर जवानों को सिर-पैर में चोट और फ्रैक्चर
दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और डीप बोरिंग को लेकर ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प में घायल पुलिसकर्मियों के सिर, हाथ और पैर में चोट लगने के साथ फ्रैक्चर तथा शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोट आने का उल्लेख है। सूची के अनुसार, एसआई अनिल हांसदा के सिर और दाहिने हाथ की अंगुलियों में चोट आई है। शिवनी यादव के पैर में फ्रैक्चर और सिर में चोट दर्ज है। विनोद दास के कान, सिर और दोनों हाथों में चोट के साथ शरीर में अंदरूनी चोट का उल्लेख है। फूल कुमार यादव के सिर में चोट और शरीर में अंदरूनी चोट दर्ज की गई है। पूनम देवी के दाहिने पैर में चोट के अलावा सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोट बताई गई है। आनंद मुर्मू के सिर और कान में चोट तथा चेहरे पर सूजन का उल्लेख है। चार्ल्स मुर्मू और मुन्ना कुमार के सिर में चोट दर्ज है। वहीं, अमरनाथ के पैर में चोट है।

झड़प में घायल पुलिसकर्मियों की सूची
झड़प में घायल पुलिसकर्मियों की सूची में फूल कुमार यादव (34), आनंद मुर्मू (24), एएसआई सोमाय किस्कू, चार्लेस मुर्मू (37), सनोज मरांडी (22), सुजीत सोरेन (23), अनिल दास (55), शिवजी यादव (43), श्याम सुंदर साह (50), अल्बर्ट एक्का (40), दीप नारायण मंडल (38) और सुनील हांसदा (41) शामिल हैं। इनमें फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्लेस मुर्मू, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह और सुनील हांसदा को रेफर किए जाने की जानकारी दी गई है।



