चालक अखिलेश कुमार पाल को अंधेरा होने के बाद घटनास्थल के पास छोड़ा
अखिलेश पाल बरामद हो गया है। दुमका के शिकारीपाड़ा हिंसा के 24 घंटे बाद कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा का निजी चालक घायल अवस्था में मिला। आरोप है कि ग्रामीणों ने उसे रातभर कब्जे में रखा और सोमवार शाम घटनास्थल के पास छोड़ दिया।
चालक के लापता होने से परिजन और प्रशासन थे परेशान
चालक की बरामदगी के बाद भी हिंसक झड़प से जुड़े कई सवाल कायम
दुमका। शिकारीपाड़ा में रविवार रात ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद से लापता डीप बोरिंग का काम करने वाली कंपनी सिनर्जी जिओ टैग के जीएम सागर सिंह मीणा के निजी चालक अखिलेश कुमार पाल को सकुशल बरामद कर लिया गया है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, ग्रामीणों ने चालक को रविवार रात से ही अपने कब्जे में रखा था। सोमवार शाम अंधेरा होने के बाद उसे घटनास्थल के समीप लाकर छोड़ दिया गया। चालक के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है। उसे वहां से लाने के लिए एंबुलेंस रवाना कर दी गई है।
’’चालक के लापता होने से बढ़ी थी प्रशासन की बेचौनी’’ घटना के बाद से अखिलेश कुमार पाल का कोई सुराग नहीं मिलने के कारण उसके परिजन बेहद चिंतित थे। वहीं, प्रशासन भी उसकी तलाश को लेकर लगातार प्रयास कर रहा था। चालक की बरामदगी की खबर मिलते ही परिजनों और प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हालांकि, उसके साथ मारपीट की सूचना के बाद उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है। फिलहाल उसके उपचार और स्वास्थ्य संबंधी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
’’जीएम को मृत समझकर तालाब में फेंकने का आरोप’’ रविवार रात हुई हिंसक झड़प में एक दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इस दौरान कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा की ग्रामीणों ने बेरहमी से पिटाई की थी। जीएम के बयान के अनुसार, मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गए थे और उन्हें पानी में धकेल दिया गया था। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें मृत समझकर तालाब में फेंक दिया गया था। बाद में उन्हें उनकी ही गाड़ी में रख दिया गया। सोमवार सुबह गंभीर अवस्था में एंबुलेंस से उन्हें दुमका सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
’’चालक की बरामदगी के बाद भी कई सवाल कायम’’ रविवार रात की हिंसक झड़प के बाद जीएम की गंभीर हालत और निजी चालक के लापता होने से मामला लगातार गंभीर होता चला गया था। अब चालक की बरामदगी से एक बड़ी चिंता जरूर दूर हुई है, लेकिन उसके साथ कथित मारपीट और उसे ग्रामीणों के कब्जे में रखे जाने की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल कायम हैं। पुलिस के लिए अब पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाना और चालक के बयान के आधार पर आगे की जांच करना महत्वपूर्ण होगा।