कोल ब्लॉक के खिलाफ आदिवासी संगठनों का दुमका के आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन, सौंपा 11 सूत्री मांगपत्र

Share this news

शिकारीपाड़ा की घटना को दुमका जिला प्रशासन की उदासीनता का प्रमाण बताया,

दुमका के जरमुंडी थाना क्षेत्र में नोनीहाट-बासुकीनाथ मुख्य सड़क पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 25 वर्षीय छोटू मोहली की मौत हो गई।

संविधान और ग्रामसभा के अधिकारों की अनदेखी का आरोप।
दुमका। संविधान दिवस के अवसर पर झारखंड राज्य किसान सभा (एआईकेएस), आदिवासी अधिकार मंच और जनजातीय अधिकार मंच के संयुक्त तत्वावधान में संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान 11 सूत्री मांगपत्र सौंपकर आरोप लगाया गया कि संताल परगना के बड़े हिस्से में संविधान की पांचवीं अनुसूची, संताल परगना काश्तकारी कानून 1949, पेसा कानून 1996, वनाधिकार कानून 2006 तथा भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास कानून 2013 के प्रावधानों और ग्रामसभा की भूमिका को दरकिनार कर बड़े पैमाने पर कोयला खनन परियोजनाएं लागू की जा रही हैं। इससे आदिवासियों, आदिम जनजातियों और गरीब किसानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

कोयला खनन से खेती और पर्यावरण को नुकसान।
मांगपत्र में कहा गया कि कोल ब्लॉक के नाम पर खेती और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। वहीं, कोयला परिवहन के दौरान लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थिति भयावह बन गई है। इससे रैयत, किसान और आदिवासी समुदाय में आक्रोश है। संगठनों ने आरोप लगाया कि दुमका और पाकुड़ जिला प्रशासन संवैधानिक दायरे में समस्याओं का समाधान करने के बजाय कोयला कंपनियों का मददगार बन रहा है, जिससे क्षेत्र में अशांति का माहौल बन रहा है। हाल ही में शिकारीपाड़ा में हुई हिंसक घटना को दुमका जिला प्रशासन की उदासीनता का प्रमाण बताया गया।

ग्रामसभा की अनुमति के बाद ही हो जमीन अधिग्रहण।
संगठनों ने मांग की कि किसी भी खनन परियोजना को शुरू करने से पहले ग्रामसभा की स्पष्ट राय ली जाए और उसकी अनुमति के बाद ही जमीन का अधिग्रहण किया जाए। पहाड़िया जनजाति के वनपट्टा के लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई कर वनपट्टा देने, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति के तहत विस्थापितों को पुनर्वास और मुआवजा उपलब्ध कराने तथा उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा असंगठित क्षेत्र के सभी श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी का भुगतान करने, उन्हें कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और आदिम जनजाति के पीएचएच राशन कार्ड को शीघ्र अंत्योदय अन्न योजना में शामिल करने की मांग की गई।

प्रदर्शन के बाद धरना, नेताओं ने सभा को किया संबोधित।
आयुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन के बाद कार्यक्रम धरने में तब्दील हो गया। धरनास्थल पर आयोजित सभा की अध्यक्षता गोपीन सोरेन, सनातन देहरी और उषा पहाड़िया के तीन सदस्यीय अध्यक्षमंडल ने की। सभा को सीपीआई (एम) के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव, किसान सभा के उपाध्यक्ष सुरजीत सिन्हा, आदिवासी अधिकार मंच के संयोजक सुखनाथ लोहरा, दिनेश्वर देहरी, सीटू के अखिलेश झा, गंगाधर यादव, लक्खी सोरेन, देवी सिंह पहाड़िया और पीटर हेम्ब्रम ने संबोधित किया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING NEWS