सीओ कपिलदेव ठाकुर के बयान पर दर्ज हुई एफआईआर, प्राथमिकी में 19 घंटे की घटनाओं का ब्योरा;
दुमका के शिकारीपाड़ा हिंसा मामले में सीओ कपिलदेव ठाकुर के बयान पर 500 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। एफआईआर में जीएम की मुक्ति का जिक्र, चालक अखिलेश पाल की बरामदगी का उल्लेख नहीं।
ग्रामसभा के दौरान कंपनी के जीएम और कर्मी बनाए गए थे बंधक रात 12:15 बजे पुलिस बल पहुंचते ही हुआ पथराव सुबह 8 बजे मुक्त कराए गए जीएम सागर सिंह मीणा तीन दिन बाद भी बोलेरो गाड़ी वापस नहीं ला सकी पुलिस
दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में कोल ब्लॉक के तहत कोयला टेस्टिंग के लिए बोरिंग की अनुमति लेने के उद्देश्य से 22 नवंबर को आयोजित ग्रामसभा के दौरान हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने करीब 500 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शिकारीपाड़ा के अंचल अधिकारी कपिलदेव ठाकुर के बयान पर दर्ज एफआईआर में किसी भी व्यक्ति को नामजद नहीं किया गया है। आरोप है कि ग्रामीणों ने कंपनी के जीएम और एक कर्मी को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की तथा उन्हें छुड़ाने पहुंची पुलिस बल पर पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर 15 पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया। शिकारीपाड़ा थाना कांड संख्या 120/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 126(2), 115(2), 117(2), 118(1), 118(2), 109(1), 61(2), 324(3), 324(5), 132 और 221 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
19 घंटे की घटना का प्राथमिकी में ब्योरा।
एफआईआर में घटना का समय 22 नवंबर को दोपहर 1 बजे से 23 नवंबर की सुबह 8 बजे तक बताया गया है। इसमें हत्या के प्रयास, खतरनाक हथियारों से चोट पहुंचाने, जानबूझकर गंभीर एवं साधारण चोट पहुंचाने, दंगा करने, आपराधिक साजिश, सरकारी काम में बाधा डालने के लिए हमला करने, गलत तरीके से रास्ता रोकने और तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप शामिल हैं। सीओ के अनुसार, कल्याणपुर में आयोजित ग्रामसभा के लिए दो कनीय अभियंताओं को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। दोनों ने दोपहर करीब 1 बजे सूचना दी कि ग्रामसभा के दौरान कंपनी के जीएम और एक कर्मी को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया है तथा उनके साथ मारपीट की जा रही है।
रात 12रू15 बजे मौके पर भेजा गया पुलिस बल।
प्राथमिकी के अनुसार, ग्रामीणों को समझाने के लिए पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद एसडीओ कौशल कुमार और एसडीपीओ दिलीप खलको भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और कंपनी के अधिकारियों को बंधन से मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात 10 बजे तक समझाने-बुझाने का प्रयास जारी रहा। अंततः कंपनी के अधिकारियों को मुक्त कराने के लिए रात 12रू15 बजे पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। एफआईआर में कहा गया है कि पुलिस के पहुंचते ही ग्रामीणों ने पथराव कर दिया और जीएम को लेकर वहां से चले गए। अगले दिन सुबह 8 बजे जीएम सागर सिंह मीणा को मुक्त कराया गया।
चालक अखिलेश पाल की बरामदगी का उल्लेख नहीं।
प्राथमिकी में जीएम के साथ उनके कर्मी और चालक अखिलेश कुमार पाल को भी बंधक बनाए जाने की बात कही गई है, लेकिन चालक को मुक्त कराने या उसकी बरामदगी के संबंध में कोई जानकारी दर्ज नहीं है। एफआईआर में घटना शुरू होने से लेकर अगले दिन सुबह 8 बजे तक का विवरण दिया गया है, जबकि घटना के करीब 24 घंटे बाद घायल अवस्था में चालक अखिलेश कुमार पाल की बरामदगी हुई थी। ऐसे में प्राथमिकी में जीएम की मुक्ति का विवरण तो है, लेकिन चालक की बरामदगी और उसके साथ हुई घटना का कोई जिक्र नहीं किया गया है।
तीन दिन बाद भी क्षतिग्रस्त बोलेरो नहीं लाई जा सकी।
घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद चालक अखिलेश पाल की क्षतिग्रस्त बोलेरो गाड़ी को पुलिस वापस नहीं ला सकी है। प्राथमिकी में चालक को बंधक बनाए जाने की बात दर्ज होने के बाद भी उसकी बरामदगी और वाहन की स्थिति को लेकर विवरण का अभाव कई सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि पुलिस की आगे की जांच में चालक के साथ हुई घटना और क्षतिग्रस्त बोलेरो के संबंध में क्या तथ्य सामने आते हैं।