दो दिनों तक विद्यालय से थाना तक चला हंगामा, अभिभावकों ने की पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग
दुमका के रामगढ़ स्थित संत पीटर स्कूल में नाबालिग छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में वार्डन नीली टुडू गिरफ्तार, निदेशक इमानुएल मुर्मू फरार। पॉक्सो और बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज।
संत पीटर स्कूल मामले में वार्डन गिरफ्तार, निदेशक फरार
पीड़ित छात्रा के पिता के बयान पर पॉक्सो और बीएनएस के तहत प्राथमिकी
दो दिनों तक विद्यालय से थाना तक चला विरोध प्रदर्शन
जांच के लिए रामगढ़ थाना पहुंचे जरमुंडी एसडीपीओ
विद्यालय निरीक्षण में नहीं मिले जरूरी दस्तावेज और सीसीटीवी कैमरे
10 हजार रुपये नामांकन शुल्क और 3500 रुपये मासिक फीस लेने का आरोप
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और विद्यालय की मान्यता रद्द करने की मांग
स्कूल को बुलडोजर से ध्वस्त करने की सामाजिक कार्यकर्ता ने की मांग
पीड़ित छात्रा के पिता के बयान पर पॉक्सो और बीएनएस की धाराओं में प्राथमिकी, दो दिनों तक स्कूल से थाना तक चला विरोध-प्रदर्शन
दुमका। जिले के रामगढ़ प्रखंड के जोगिया स्थित संत पीटर स्कूल के छात्रावास में नाबालिग छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दो दिनों तक चले विरोध-प्रदर्शन के बाद पीड़ित छात्रा के पिता के बयान पर रामगढ़ थाना में विद्यालय के निदेशक इमानुएल मुर्मू और सहयोगी सह वार्डन नीली टुडू के खिलाफ पॉक्सो एवं भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शनिवार को वार्डन नीली टुडू को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पीड़ित छात्रा को मेडिकल जांच के लिए दुमका भेजा गया है। मामले में नामजद विद्यालय निदेशक इमानुएल मुर्मू घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। उनका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है।
एसडीपीओ ने रामगढ़ थाना पहुंचकर की जांच। घटना को लेकर दो दिनों से क्षेत्र में आक्रोश था। सामाजिक कार्यकर्ता और अभिभावक विद्यालय के सामने विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। शुक्रवार को हुए हंगामे के बाद स्थानीय लोगों ने शनिवार से स्कूल बंद कराने का ऐलान किया था। शनिवार को बचे हुए 25-30 छात्राओं को भी अभिभावक स्कूल से घर ले गए। इसके बाद मामला रामगढ़ थाना पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह शनिवार को रामगढ़ थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी मनीष कुमार और पीड़ित परिवार के सदस्यों से घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा अब तक हुई जांच और पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की। पुलिस छात्राओं के आरोपों की जांच कर रही है। निदेशक की गिरफ्तारी के बाद मामले में और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
जांच में विद्यालय की व्यवस्था पर उठे सवाल। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के निर्देश पर बीआरपी नजीसूल हक ने विद्यालय का निरीक्षण किया। जांच के दौरान विद्यालय प्रबंधन आवश्यक दस्तावेज और रजिस्टर उपलब्ध नहीं करा सका। परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं मिले। विद्यालय भवन, छात्रावास तथा बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और पौष्टिकता को लेकर भी सवाल उठे। बीआरपी ने विद्यालय की अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए इसे बंद करने की कार्रवाई किए जाने की बात कही। जांच में सामने आई कमियों ने विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा और शैक्षणिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
10 हजार नामांकन और 3500 रुपये मासिक फीस का आरोप। अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय में नामांकन के नाम पर 10 हजार रुपये और प्रतिमाह 3500 रुपये फीस ली जाती है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा के लिए बुनियादी इंतजाम तक नहीं किए गए हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्कूल बंद करने की मांग की। हालांकि, कुछ अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई बाधित होने की चिंता भी जताई। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उनकी पढ़ाई की व्यवस्था भी बरकरार रखी जाए।
थाना में प्रदर्शन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग। विद्यालय परिसर में विरोध जताने के बाद अभिभावक और परिजन रामगढ़ थाना पहुंचे तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की। भाजपा एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष रमेश मुर्मू ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और जांच में विद्यालय संचालक की संलिप्तता प्रमाणित होने पर स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी अपील की। जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। वार्डन को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुलडोजर चलाकर स्कूल को ध्वस्त कर दे प्रशासन: जीतलाल सामाजिक कार्यकर्ता जीतलाल राय ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरतने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि रामगढ़ बाजार के आसपास पहले भी इस तरह की घटना हो चुकी है, लेकिन संबंधित स्कूल को दोबारा शुरू कर दिया गया। उन्होंने आदिवासी समाज से बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक होने और अभिभावकों से विद्यालय की सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेने की अपील की। उनका कहना था कि केवल हंगामा करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस पहल करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्कूल संचालक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के बजाय कमाई का माध्यम समझते हैं। जीतलाल राय ने संबंधित स्कूल संचालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए स्कूल को बुलडोजर से ध्वस्त करने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों को सजा मिलनी चाहिए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।