गोड्डा, जामताड़ा व डीआईजी स्पेशल फोर्स के 120 जवान शिकारीपाड़ा में कर रहे कैंप
शिकारीपाड़ा हिंसा एफआईआर में 48 घंटे बाद भी पुलिस केस दर्ज नहीं कर सकी। कल्याणपुर में पुलिस पर हमले के बाद 120 जवान कैंप कर रहे हैं, लेकिन क्षतिग्रस्त बोलेरो, रैफ के हेलमेट और लाठी घटनास्थल पर पड़े हैं। आखिर कार्रवाई में देरी क्यों?
घटनास्थल से नहीं लाये जा सके हैं क्षतिग्रस्त बोलेरो, रैफ जवानों के हेलमेट व स्टीक
दुमका। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में हुए हिंसक वारदात के 48 घंटे बीत जाने के बावजूद इस मामले में कार्रवाई करना तो दूर पुलिस एफआईआर तक नहीं दर्ज कर पायी है। इस घटना में क्षतिग्रस्त की गयी बोलेरो गाड़ी और रैपिड आर्म्स फोर्स (रैफ) जवान की हेलमेट व स्टीक आदि मंगलवार के देर शाम तक घंटनास्थल पर ही पड़ी रही। घटना में पुलिस की भी गाड़ियां क्षतिग्रस्त होने की सूचना है, पर उसका भी कुछ अता-पता नहीं है। शिकारीपाड़ा में स्थानीय थाना की पुलिस, जैप के जवान के अलावा गोड्डा जिला पुलिस बल, जामताड़ा जिला पुलिस बल और डीआईजी की स्पेशल पुलिस बल सहित पुलिस के 120 जवान कैंप कर रहे हैं, बावजूद इसके पुलिस घटनास्थल जाने से परहेज कर रही है।

सीओ कपिलदेव ठाकुर के बयान पर होगी प्राथमिकी
शिकारीपाड़ा के कल्याणपुर हिंसा को लेकर सीओ कपिलदेव ठाकुर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जानी है पर घटना के 48 घंटे बाद भी प्राथमिकी इसलिए दर्ज नहीं हो पा रही है क्योंकि पुलिस घटना में शामिल लोगों को चिन्हित नहीं कर पा रही है। सूत्रों का कहना है कि हमलावर भीड़ में बाहरी लोग शामिल थे और भीड़ में मौजूद ग्रामीण पारंपरिक हथियारों के अलावा लोहे का रॉड और भाला लगी बड़ी-बड़ी लाठी लिये हुए थे। बादलपाड़ा-कल्याणपुर कोल ब्लॉक वह क्षेत्र है जहां लंबे समय से और लगातार सुरंग बनाकर अवैध कोयला खनन किया जाता है। खनन टास्क फोर्स बार-बार उस इलाके के अवैध कोयला खदानों के मुंह को डोजरिंग कर बंद करती है और फिर से अवैध रूप से कोयला निकालने का सिलसिला शुरू हो जाता है। सूत्र बताते हैं कि अवैध कोयला के इस काले कारोबार में पश्चिम बंगाल के माफिया शामिल हैं।

शाम करीब 3 बजे बंधक बनाये गये थे मीना
दुमका। बादलपाड़ा-कल्याणपुर कोल ब्लॉक क्षेत्र में कोल टेस्टिंग बोरिंग के लिए अनुमति प्राप्त करने हेतु शिकारीपाड़ा के सीओ कपिलदेव ठाकुर द्वारा नोटिश जारी कर 22 नवम्बर को कल्याणपुर में ग्राम प्रधान के घर के सामने ग्राम सभा बुलायी गयी थी। ग्राम सभा की कार्रवाई दिन के लगभग 12 बजे शुरू हुई पर शाम के तीन बजे तक कोई सहमति नहीं बन पायी। इस दौरान शिकारीपाड़ा सीओ कपिलदेव ठाकुर, थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा, एसडीपीओ दिलीप खालको लगभग 40-50 हथियारबंद पुलिस जवानों के साथ वहां मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना था कि पहले वहां से कंपनी बोरिंग मशीन को हटाये, उसके बाद ही ग्राम सभा में कोई चर्चा होगी। बात नहीं बनता देख प्रशासनिक लोग वहां से चले गये पर अपने ड्राईवर अखिलेश कुमार पाल के साथ सेनर्जी जियो टेक कंपनी के जीएम सागर सिंह मीना वहीं जमे रहे। शाम के करीब 3 बजे भीड़ ने मीना को बंधक बना लिया। भीड़ ने बोलेरो में तोड़फोड़ की। मीना और उसके ड्राईवर को बुरी तरह से पीटा। ड्राईवर मौके से भाग खड़ा हुआ जबकि मीना भीड़ के हत्थे चढ़ गये। मीना ने फोन कर अपने ड्राईवर को बुला लिया जिस कारण र्ड्राइवर अखिलेश पाल भी भीड़ के हिंसा का शिकार हो गया। जब कंपनी के जीएम को बंधक बनाये जाने की सूचना मिली तो दुमका से एसडीओ कौशल कुमार शिकारीपाड़ा पहुंचे। तबतक रात हो चुकी थी। रैफ की एक कंपनी फोर्स को मौके पर भेजा गया। रैफ के वान गये तो थे भीड़ को तितर-बितर करने और मीना को छुड़ाने पर उग्र भीड़ ने पप्थर और लाठी से हमला कर रैफ के जवानों को ही तितर-बितर कर दिया। भीड़ के हमले से रैफ के कंपनी कमांडर समेत 15 जवान घायल हो गये जिन्हें रात में ही पहले शिकारीपाड़ा सीएचसी और फिर दुमका के पीजेएमसी अस्पताल पहुंचा गया। सोमवार की सुबह गंभीर हालत में मीना को उनके क्षतिग्रस्त गाड़ी से बरामद किया गया और फिर दुमका लाकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

24 घंटे बाद मिला जीएम का लापता चालक
दुमका। शिकारीपाड़ा में रविवार रात ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई हिंसक झड़प के करीब 24 घंटे बाद डीप बोरिंग का काम करने वाली कंपनी सिनर्जी जियो टैग के जीएम सागर सिंह मीणा के निजी चालक अखिलेश कुमार पाल को घायल अवस्था में बरामद किया गया। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, ग्रामीणों ने चालक को रविवार रात से अपने कब्जे में रखा था और सोमवार शाम अंधेरा होने के बाद घटनास्थल के समीप सड़क किनारे छोड़ दिया। पाल ने बताया कि वह तो भाग गया था पर मीना ने उसे वापस बुला लिया जिस कारण वह भीड़ के बीच फंस गया। अखिलेश पाल ने बताया ‘‘जैसे ही मौके से पुलिस और प्रशासन के लोग चले गये वैसे ही ग्रामीणों ने बोलेरो को घेर लिया और बोला कि दरवाजा खोलो नहीं तो तुमको भी मारेंगे। मैं वहां से भाग गया और बस्ती पार कर रूक गया। इसी दौरान मीना ने फोन किया और बोला कि आ जाओ। हम पूछे कि भीड़ खतम हुआ तो बोला हां खतम हो गया। पर हम जब पहुंचे तो भीड़ वहां जमा थी, मुझे भी बुरी तरह से मारा। जब यहां से फोन गया तो वहीं का लड़का ने मुझे बिस्कुट और पानी दिया। मैं बोला कि गाड़ी में पहुंचा दो तो नहीं पहुंचाया। बिस्कुट लाकर दिया और गरम पानी लाकर दिया।’’

डीएसपी और थानेदार को भी लगी है चोट
दुमका। शिकारीपाड़ा कल्याणपुर हिंसा की घटना में एसडीपीओ, उनका अंगरक्षक, शिकारीपाड़ा का एक एसआई और थानेदार को भी चोट आयी है। एसडीपीओ दिलीप खालको को हाथ और छाती में पत्थर से चोट आयी है। शिकारीपाड़ा थानेदार अमित कुमार लकड़ा को पैर में चोट है। सब इंस्पेक्टर राकेश भगत के सिर में चोट लगी है जबकि एसडीपीओ के बॉडीगार्ड को भी सिर में चोट आयी है। अब देखना होगा कि एफआईआर में इन लोगों को ग्रामीणों के द्वारा निशाना बनाये जाने और इनके घायल होने का उल्लेख किया जाता है या नहीं। मंगलवार की शाम तक एफआईआर के लिए कई बार आवेदन को लिखा और संशोधित किया गया था।



